आल इंडिया समता सैनिक दल ने विद्यार्थियों के बीच वितरित की शैक्षणिक सामग्री
रायपुर। शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आल इंडिया समता सैनिक दल, छत्तीसगढ़ (रायपुर) द्वारा शुक्रवार को शासकीय प्राथमिक शाला, घनश्याम नगर, डीपरा पारा, रायपुरा (इंद्रप्रस्थ), रायपुर में कॉपी, पेन एवं पेंसिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को कॉपी, पेन और पेंसिल प्रदान की गई। इस अवसर पर बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा शिक्षा को अपने जीवन का सबसे बड़ा आधार बनाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए समाज में समानता, जागरूकता और आत्मनिर्भरता का मार्ग प्रशस्त होता है। इसलिए प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की आवश्यक सामग्री पहुँचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।आल इंडिया समता सैनिक दल के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन सामाजिक सेवा, शिक्षा, मानवता और जनकल्याण के कार्यों के लिए निरंतर प्रयासरत है। समाज के जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग प्रदान करना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है। भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं शिक्षा से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।कार्यक्रम में आल इंडिया समता सैनिक दल, छत्तीसगढ़ के पदाधिकारी, समाज के वरिष्ठजन, विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं।विद्यालय परिवार ने आल इंडिया समता सैनिक दल के इस सामाजिक कार्य की प्रशंसा करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना एवं शिक्षा के प्रति निरंतर सहयोग के संकल्प के साथ हुआ।

