सुकमा के 102 स्थानों पर गूंजी ‘भारत माता की जय’, 20 हजार लोगों ने देखी राष्ट्रीय एकता परेड

### सुकमा के 102 स्थानों पर गूंजी ‘भारत माता की जय’, 20 हजार लोगों ने देखी राष्ट्रीय एकता परेड


नक्सल प्रभावित रहे पुवर्ती, गोगुंडा, गोलापल्ली और किस्टाराम में जवानों के साथ ग्रामीणों ने देखा सीधा प्रसारण, शारदा सिनेमा में कलेक्टर, डीआईजी और एसपी समेत जनप्रतिनिधि हुए शामिल
सुकमा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सुकमा जिले में राष्ट्रभक्ति और एकजुटता का अनूठा नजारा देखने को मिला। गुजरात के एकता नगर में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड-2026 का जिले के 102 स्थानों पर सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान करीब 18 से 20 हजार जवानों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने एक साथ बैठकर परेड का सजीव प्रसारण देखा। कभी नक्सलवाद के प्रभाव और संघर्ष के लिए पहचाने जाने वाले पुवर्ती, गोगुंडा, गोलापल्ली और किस्टाराम जैसे अंदरूनी इलाकों में भी ग्रामीणों ने सुरक्षा बलों के जवानों के साथ इस आयोजन में भागीदारी की। परेड के प्रसारण के दौरान सुरक्षा कैंपों और गांवों में भारत माता की जय के नारे गूंजते रहे।
सुकमा पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देश पर जिलेभर में इस आयोजन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। जिले के सभी थानों, सुरक्षा कैंपों, पोटाकेबिन और छात्रावासों में बड़ी स्क्रीन, टीवी और प्रोजेक्टर लगाए गए थे। शाम 5:30 बजे से शुरू हुई लाइव स्क्रीनिंग के लिए कुल 102 केंद्र निर्धारित किए गए थे। इनमें सुरक्षा बलों के जवानों के साथ स्थानीय ग्रामीणों, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
शारदा सिनेमा में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने देखी परेड
जिला मुख्यालय स्थित शारदा सिनेमा में राष्ट्रीय एकता परेड की लाइव स्क्रीनिंग के लिए विशेष आयोजन किया गया। यहां कलेक्टर अमित कुमार, सीआरपीएफ के डीआईजी आनंद राज पुरोहित और पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर सहित प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधि दीपिका शोरी, धनीराम बरसे, अन्य गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भी एक साथ बैठकर परेड का सीधा प्रसारण देखा।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गुजरात के एकता नगर से प्रसारित राष्ट्रीय एकता परेड के माध्यम से देश की विविधता, एकता और अखंडता का संदेश देखा। आयोजन के दौरान लोगों में खासा उत्साह रहा। अधिकारियों और आम नागरिकों की एक साथ मौजूदगी ने कार्यक्रम को सामूहिक सहभागिता का स्वरूप दिया।
अंदरूनी इलाकों में जवानों के साथ बैठे ग्रामीण
इस आयोजन का सबसे खास पहलू जिले के अंदरूनी और संवेदनशील इलाकों में देखने को मिला। पुवर्ती, गोगुंडा, गोलापल्ली और किस्टाराम जैसे क्षेत्र, जो लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों से प्रभावित रहे हैं, वहां के सुरक्षा कैंपों में ग्रामीणों ने जवानों के साथ बैठकर राष्ट्रीय एकता परेड देखी। इन इलाकों में जवानों और ग्रामीणों की साझा भागीदारी ने आपसी विश्वास और सौहार्द का संदेश दिया। परेड के दौरान ग्रामीणों और जवानों ने भारत माता की जय के नारे लगाकर उत्साह जताया।
102 केंद्रों पर की गईं विशेष व्यवस्थाएं
सुकमा पुलिस की ओर से जिले के सभी 102 आयोजन स्थलों पर दर्शकों के लिए बैठने, छाया और पेयजल की व्यवस्था की गई थी। पोटाकेबिन और छात्रावासों में पढ़ने वाले बच्चों को भी इस आयोजन से जोड़कर राष्ट्रीय एकता और देश की अखंडता का संदेश दिया गया। सुरक्षा बलों के जवानों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की एक साथ मौजूदगी से कार्यक्रम में व्यापक जनभागीदारी देखने को मिली।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से सुकमा में पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय, आपसी विश्वास और सामाजिक सौहार्द का संदेश देने का प्रयास किया गया। जिला मुख्यालय से लेकर दूरस्थ सुरक्षा कैंपों तक हुए आयोजन में लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने का संकल्प दोहराया। सुकमा पुलिस ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सुरक्षा बलों का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *