छत्तीसगढ़िया सर्व समाज महासंघ की प्रांतीय बैठक 28 जून को रायपुर में



छत्तीसगढ़िया सर्व समाज महासंघ की प्रांतीय बैठक 28 जून को रायपुर में
रायपुर। छत्तीसगढ़िया सर्व समाज महासंघ की प्रदेश स्तरीय बैठक 28 जून 2026 (रविवार) को दोपहर 12:00 बजे गुरु घासीदास सांस्कृतिक भवन, न्यू राजेंद्र नगर, विजेता कॉम्प्लेक्स के पीछे, रायपुर में आयोजित की जाएगी।
महासंघ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैठक में छत्तीसगढ़िया समाज की विभिन्न समस्याओं, सामाजिक उपेक्षा तथा समाजों द्वारा लंबे समय से शासन के समक्ष रखी गई मांगों पर चर्चा की जाएगी। इन मांगों पर अब तक उचित कार्रवाई नहीं होने से विभिन्न समाजों में असंतोष और आक्रोश व्याप्त है।
सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि विभिन्न समाजों की मांगों में गंधर्व (गाड़ा) समाज के लिए बाजा बोर्ड का गठन, गडरिया-पाल समाज के लिए भेड़ एवं ऊन संवर्धन बोर्ड, कलार समाज के लिए महुआ बोर्ड तथा पटेल समाज के लिए शाकंभरी बोर्ड के गठन जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं, जिन पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न समाजों के पारंपरिक कार्यों और कला-कौशल को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा संबंधित बोर्डों का गठन किया जाना चाहिए, ताकि समाज के लोगों को प्रशिक्षण, रोजगार और विकास के अवसर मिल सकें।
बैठक में प्रदेश के कई एसटी, एससी और ओबीसी समाजों द्वारा सामाजिक भवनों के लिए भूमि आवंटन की लंबित मांगों पर भी चर्चा होगी। साथ ही कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष (आदिवासी समाज) बी.एस. राव द्वारा बालोद जिले में समाजों के बीच बढ़ रही असमानता के संबंध में भेजे गए आवेदन पर भी गंभीर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़िया सर्व समाज महासंघ से जुड़े सभी समाजों के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य, जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी तथा महिला एवं युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *