रायपुर:-एक तरफ SSP आरिफ शेख पुलिस के प्रति जनता का विश्वास गहरा करने में लगे हैं…और दूसरी तरफ पुलिसकर्मी अपने अफसरों के मंसूबे में पलीता लगाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे। ताजा मामला राजधानी रायपुर में खाकी वर्दी पर लगे उस बदनुमा दाग से जुड़ा है, जिसमें एक दुष्कर्म पीड़िता परिवार से एक महिला कांस्टेबल के रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है।
इस पूरे मामले में SSP को मिली शिकायत के बाद महिला कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं थाना प्रभारी से भी इस मामले में जवाब तलब किया गया है। मामला थाना टिकरापारा का हैं। पिछले दिनों इलाके में 12 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। नाबालिग के परिजनों ने थाने में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। इस प्रकरण में पीड़िता को कोर्ट में बयान दर्ज कराना था, जिसके ऐवज में पीड़ित परिवार से महिला आरक्षक शीला दुबे ने रिश्वत की मांग की। जिसकी शिकायत एसएसपी आरिफ शेख को प्राप्त हुई।
शिकायत के बाद एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुये महिला आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही थाना प्रभारी को फटकार लगाते हुये कड़ी नसीहत दी है। एसएसपी ने कहा है कि “थाने में पुलिसकर्मचारियों के द्वारा इस तरह के कार्य किये जा रहे हैं जो साफ दिखाता हैं कि थाना प्रभारी का नियंत्रण पुलिस कर्मचारियों पर नहीं है” इस पूरे मामले पर थाना के टीआई को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

