रायपुर। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर 20 अगस्त मंगलवार को प्रदेश युवा कांग्रेस प्रदेशभर में रक्तदान शिविर आयोजित करेगा। राजधानी रायपुर में ब्लड डोनेशन कैंप के साथ ही प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।
प्रदेश युकां के प्रभारी महासचिव अशरफ हुसैन ने एक बयान जारी कर बताया कि राजधानी रायपुर के आयोजन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पी एल पुनिया, पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम के साथ राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक गण, पार्टी के वरिष्ठ नेता गण सहित युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पूर्णचंद्र कोको पाढ़ी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी सदैव युवाओं के प्रेरणास्त्रोत रहे हैं, इसलिए उनकी स्मृति में युकां प्रदेशभर में रक्तदान जैसा सराहनीय कार्य करने जा रही है। इसमें युकां के सदस्य रक्तदान करेंगे। इस रक्तदान कैंप में कोई भी आकर चाहे तो रक्तदान कर सकता है।
हुसैन ने बताया कि राजधानी रायपुर में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में सुबह 10.30 से रक्तदान शिविर के साथ ही प्रदर्शनी भी आयोजित की जा रही है। उन्होंने युवा कांग्रेस सदस्यों से इस रक्तदान शिविर में पहुंचकर सहयोग अपील भी की।

