आठवीं के छात्र की संदिग्ध मौत: स्कूल से लौटकर फांसी, परिजन बोले—जरूर हुआ था कुछ गलत

आठवीं के छात्र की संदिग्ध मौत: स्कूल से लौटकर फांसी, परिजन बोले—जरूर हुआ था कुछ गलत!


स्कूल प्रबंधन पर उठे सवाल, प्राचार्य से सख्त पूछताछ की मांग, पुलिस की भूमिका भी संदिग्ध
ज़ोहेब खान……. रायपुर। बालोद के धाम उमरादाह स्थित ब्लेज़ एकेडमी के कक्षा आठवीं के छात्र सैयद तौसिफ की संदिग्ध आत्महत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सोमवार को स्कूल से लौटने के बाद गुमसुम तौसिफ ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और कुछ ही देर बाद फांसी के फंदे पर झूलता मिला। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य रीना थॉमस पर गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्कूल से लौटा तो बदला-बदला था तौसिफ, मां ने पूछा तो नहीं दिया कोई जवाब
तौसिफ की मां रजिया परवीन ने बताया कि स्कूल से आने के बाद बेटा अजीब सा शांत था। बार-बार पूछने पर भी उसने कुछ नहीं बताया। खाना खाने के बाद वह पढ़ाई का बहाना कर कमरे में चला गया और दरवाजा बंद कर लिया।
खिड़की से झांका तो दिखी लाश, पिता के पैरों तले खिसकी जमीन
जब शाम को पिता एसके आसिफ रिजवी (जो खुद शिक्षक हैं) घर पहुंचे, तो उन्होंने बेटे के बारे में पूछा। दरवाजा खटखटाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। खिड़की से झांककर देखा तो तौसिफ फांसी पर लटका हुआ था। परिजनों ने तुरंत दरवाजा तोड़कर पुलिस को सूचना दी।
“स्कूल में जरूर हुआ कुछ गलत” – परिजनों का आरोप, FIR तक दर्ज कराने में करनी पड़ी मशक्कत
परिजनों ने आरोप लगाया कि तौसिफ की मौत की असली वजह स्कूल में हुई कोई घटना हो सकती है। वे प्राचार्य रीना थॉमस से सख्त पूछताछ की मांग कर रहे हैं। कोतवाली थाने में जब परिवार FIR दर्ज कराने पहुंचा, तो पुलिस ने पहले मना कर दिया। घंटों की मशक्कत के बाद FIR दर्ज हुई, लेकिन अब तक प्राचार्य पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्राचार्य का फोन बंद, पुलिस जांच के दायरे में स्कूल प्रबंधन
मीडिया ने जब प्राचार्य रीना थॉमस से संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। मामले की जांच कर रही एएसआई कमला यादव ने बताया कि स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य से जल्द ही बयान लिए जाएंगे।
क्या स्कूल में हुआ था कुछ ऐसा, जिससे तौसिफ ने उठा लिया यह खौफनाक कदम?
परिजन लगातार इस मामले की गहराई से जांच और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। क्या स्कूल में कुछ ऐसा हुआ था, जिससे मासूम तौसिफ ने मौत को गले लगा लिया? या फिर यह किसी बड़े षड्यंत्र का हिस्सा है? सच कब सामने आएगा?
अब यह देखना बाकी है कि पुलिस प्रशासन क्या कदम उठाता है या फिर न्याय की यह लड़ाई अधूरी रह जाएगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *