तीन एकड़ में अवैध प्लाटिंग, निगम ने की कार्रवाई
रायपुर : नगर निगम के जोन 8 में शुक्रवार को अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की गई। निगम अमले ने करीब तीन एकड़ अवैध प्लाटिंग की डीपीसी को ध्वस्त किया। वीर सावरकर नगर वार्ड नंबर-1 के जरवाय में वाटर फैक्ट्री के समीप लगभग ढाई एकड़ निजी भूमि और रामकृष्ण परमहंस वार्ड-20 के मारुति लाइफस्टाइल कोटा के पीछे लगभग आधा एकड़ निजी भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की गई। निगम अमले ने अवैध रूप से बने मुरुम रोड को काटकर आवागमन बाधित कर दिया है। वहीं, प्लाट के संबंध में तहसील कार्यालय से जानकारी मांगी गई है।
जोन-8 कमिश्नर अरुण ध्रुव के नेतृत्व में यह कार्रवाई कार्यपालन अभियंता अभिषेक गुप्ता, सहायक अभियंता ईश्वर लाल टावरे, उप अभियंता अक्षय भारद्वाज, कोटा पटवारी सहित अन्य अधिकारियों ने की। जोन-8 में जेसीबी से अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई करती निगम की टीम।

