जोन अध्यक्षों की वोटिंग के दौरान जोन क्र. 3 में हुए क्रॉस वोटिंग के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा जाँच दल गठन

गुरुवार को रायपुर नगर निगम के जोन अध्यक्षों के लिए हुए चुनाव में आठ जोनों में कांग्रेस और दो जोन में भाजपा के अध्यक्ष बने।
जोन अध्यक्ष के चुनाव के लिए कांग्रेस ने जहां नौ जोन के लिए पूरी रणनीति बनाई थी, वहीं भाजपा ने भी जोन क्रमांक तीन में अपना अध्यक्ष बनाने के लिए तगड़ी लाबिंग की थी। यही कारण है कि यहां कांग्रेस पार्षद ने क्रॉस वोटिंग कर भाजपा का अध्यक्ष बनाने में भूमिका निभाई। जोन क्रमांक तीन में कांग्रेस पार्षदों की संख्या ज्यादा थी, इसलिए रणनीतिकारों को जरा भी उम्मीद नहीं थी कि यहां क्रॉस वोटिंग हो सकती है। क्रॉस वोटिंग होने से भाजपा का अध्यक्ष बनने के बाद रणनीतिकारों से लेकर महापौर एजाज ढेबर, शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेताओं में खलबली मच गई। महापौर ढेबर ने तत्काल जोन तीन के सभी कांग्रेसी पार्षदों को निगम मुख्यालय बुलाया और चारों से सवाल-जवाब किए। इस दौरान पता चला कि वोटिंग के समय किसी एक पार्षद ने बताए अनुसार वोटिंग न कर अन्य तरीके से कर दिया। इससे वहां गड़बड़ी हुई। इस वजह से दूसरे कांग्रेस पार्षद पर शक की सुई घूम गई है।
जांच के बाद होगी कड़ी कार्रवाई

महापौर एजाज ढेबर ने जोन क्रमांक तीन में एक कांग्रेस पार्षद द्वारा क्रॉस वोटिंग करने के मामले में कहा कि इसकी पूरी जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने वाले पार्षद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जोन तीन में कांग्रेस का ही जोन अध्यक्ष बनना तय था, क्योंकि चार कांग्रेस और तीन भाजपा के पार्षद हैं। किस पार्षद ने कहां, कैसे गलती की है, इसकी पूरी जांच होने के बाद रिपोर्ट संगठन स्तर पर भेजी जाएगी। वहां से ही पार्षद के खिलाफ जो भी कार्रवाई करने का आदेश होगा उसका पालन किया जाएगा। उन्होंने जोन सात और नौ में निर्दलीय पार्षदों से मिले सहयोग के लिए निर्दलीय पार्षदों को धन्यवाद भी दिया है। वहीं जोन तीन में भाजपा के अध्यक्ष बनने के बाद कांग्रेसी नेताओं में दबी जुबान से चर्चा है कि डॉ. प्रमोद साहू मंझे हुए और सीनियर पार्षद हैं। उस जोन में चार बार के पार्षद हैं। इसके पहले भी जोन अध्यक्ष रह चुके हैं। इसलिए ऐन वक्त पर भाजपा ने प्रमोद साहू को प्रत्याशी बनाया। जबकि सारा खेल अंदर ही अंदर खेला गया और प्रमोद साहू को अध्यक्ष बनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *