विराट का एक्सरसाइज विडियो, बोले आराम नहीं

कोलकाता
भारतीय टीम के कप्तान ने कहा है कि बेशक टीम ने पहला टेस्ट तीन दिन में जीत लिया है। लेकिन वह एक भी दिन के आराम करने के मूड में नहीं हैं। कोहली ने सोमवार को जिम में वर्क आउट करते हुए एक विडियो पोस्ट किया है। इस विडियो के कैप्शन में टीम इंडिया के कप्तान ने लिखा है, ‘नो डेज ऑफ (एक भी दिन आराम नहीं)।’

भारतीय टीम पहला टेस्ट मैच तीन दिन में ही खत्म करने के बाद अभी इंदौर में ही है और मंगलवार सुबह उसके कोलकाता पहुंचने की उम्मीद है। भारत ने इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश को मात दे 2 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। दोनों टीमें अब 22 से 26 नवंबर के बीच ईडन गार्डेन्स स्टेडियम में अपना पहला दिन-रात प्रारूप का मैच खेलेंगी।

सीरीज के पहले टेस्ट में टीम इंडिया कप्तान 0 पर आउट हुए थे लेकिन यहां मयंक अग्रवाल (243), अजिंक्य रहाणे (86) और रवींद्र जडेजा (60*) की उम्दा पारियों की बदौलत भारत ने 493/6 का स्कोर खड़ा किया था। इससे पहले टीम इंडिया ने मोहम्मद शमी की शानदार बोलिंग की बदौलत मेहमान टीम को 150 रन पर ऑल आउट कर दिया था। दूसरी पारी में भी शमी का जलवा बरकरार रहा था और इस बार उन्होंने 4 विकेट लेकर मेहमान टीम को 213 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।

Source: Sports

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *