राफेल लड़ाकू विमान का जिक्र करते हुए राजनाथ ने अप्रत्यक्ष रूप से पाक को दी चेतावनी

 

करनाल
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद पर पाकिस्तान को एक बार फिर कड़ी चेतावनी दी है। राफेल लड़ाकू विमान का जिक्र करते हुए राजनाथ ने अप्रत्यक्ष रूप से पाकिस्तान को यह चेतावनी दी। रक्षा मंत्री ने दो टूक कहा कि जब राफेल जैसे लड़ाकू विमान होते हैं तो फिर बालाकोट स्ट्राइक के लिए पाक जाने की जरूरत नहीं है। हम भारत में बैठकर ही वहां के आतंकी शिविरों को खत्म कर सकते हैं। वहीं, राफेल के बहाने उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। राजनाथ ने कहा कि राफेल पर कांग्रेस के बयानों से पाकिस्तान को ताकत मिलती है।

करनाल में एक चुनावी रैली के दौरान राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को यह चेतावनी दी। इस दौरान राफेल के बहाने राजनाथ ने कांग्रेस पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, 'हमारा जो स्वभाव था, मैंने कहा कि यह ताकतवर प्लेन मिल रही है। इसका प्रयोग करने के पहले हमें इसकी पूजा करनी चाहिए। इसलिए मैंने उस पर 'ॐ' लिखा..नारियल फोड़ा…यहां कांग्रेस के लोगों ने विवाद खड़ा कर दिया कि मैं सांप्रदायिक हो गया हूं। इन्हें ॐ लिखने पर भी आपत्ति है।'

कांग्रेस के सवाल से पाक को मिलता है बल
राजनाथ ने कहा, 'जिस समय मैं पूजा कर रहा था तब सभी धर्मों को मानने वाले लोग थे। सभी लोग पूरी तरह से सहयोग कर रहे थे। इसके बावजूद यहां पर कांग्रेस के लोगों ने हंगामा किया। जबकि इस लड़ाकू विमान के लिए स्वागत करना चाहिए था। बिना सोचे-समझे विरोध किया जा रहा है। कांग्रेस के लोगों के इन बयानों से पाकिस्तान को ताकत मिलती है। इसलिए इन्हें (कांग्रेस) मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए।'

खट्टर जमीनी स्तर पर चलाते हैं सरकार
उधर, करनाल में चुनावी रैली के दौरान राजनाथ ने खट्टर सरकार की तारीफ भी की। उन्होंने कहा, 'हरियाणा के पुराने मुख्यमंत्री, चाहे कांग्रेस के हों या आईएनएलडी के, दिल्ली से सरकार चलाते थे। सीएम मनोहर लाल खट्टर जमीनी स्तर पर सरकार चलाते हैं।'

Source: Madhyapradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *