भुरकोनी में बड़ी वारदात: घर में खड़ी 4 गाड़ियों में लगाई आग, CCTV में पेट्रोल जैसा ज्वलनशील पदार्थ लाते दिखे संदिग्ध
रायपुर। पुराना विधानसभा भवन से लगे भुरकोनी गांव में देर रात एक घर में खड़ी चार गाड़ियों को आग के हवाले किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि घर परिसर में खड़ी चार गाड़ियों में आग लगा दी गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना को लेकर सामने आए CCTV फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग पॉलीथिन में पेट्रोल जैसा ज्वलनशील पदार्थ लेकर आते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद गाड़ियों के पास उनकी गतिविधियां भी CCTV में कैद होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए ज्वलनशील पदार्थ और आग लगाए जाने के तरीके की भी जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है और उन्होंने आरोपियों की जल्द पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना को किसने अंजाम दिया और इसके पीछे क्या कारण था।

