…ये मंत्री कुछ अलग है ! संभालते हैं परिवहन विभाग,खुद लाइन में लगकर पूरी की प्रक्रिया

…ये मंत्री कुछ अलग है ! संभालते हैं परिवहन विभाग, लेकिन अपना लाइसेंस बनाने खुद लाइन में लगकर पूरी की प्रक्रिया

रायपुर- यूं तो हर दिन परिवहन विभाग के इस कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस बनाने लोगों की भीड़ उमड़ती है, लंबी लाइन लगकर अपनी बारी का इंतजार किए लोग खड़े नजर आते हैं, लेकिन इन्हीं लाइन में जब खुद परिवहन विभाग के मंत्री खड़े हो, तो नजरों का ठिठकना स्वाभाविक है.
राजधानी रायपुर में ऐसा ही नजारा दिखा. दरअसल सूबे के परिवहन मंत्री मो.अकबर अपना लाइसेंस का नवीनीकरण करवाना चाहते थे. मुमकिन था कि जिस विभाग के वह खुद मुखिया है, लाइसेंस उन्हें घर बैठे मिल जाता, लेकिन नियमों को ताक पर रखकर लाइसेंस बनाए जाने के वह पक्षधर नहीं थे.
यही वजह है कि बकायदा तमाम औपचारिक प्रक्रियाओं से गुजरकर उन्होंने अपने लाइसेंस का नवीनीकरण करवाना उचित समझा.
परिवहन विभाग इन दिनों बायोमीट्रिक लाइसेंस बना रहा है. चूंकि मो.अकबर का लाइसेंस पुराना हो चुका था, लिहाजा वह चिप वाले लाइसेंस के लिए परिवहन विभाग के कार्यालय पहुंचे थे. आमतौर पर मंत्री की ऐसी तस्वीरों के बीच मीडिया का तामझाम भी मौजूद होता है, लेकिन ना तो इस बारे में किसी को खबर दी गई और ना ही लोगों को खबर लगी. वहां मौजूद कुछ चुनिंदा लोगों ने मंत्री की यह तस्वीर निकाली है. 
परिवहन मंत्री मो.अकबर ने चिप लाइसेंस के लिए डिजिटल दस्तखत किए, रेटिना स्कैन कराया और थंब इंप्रेशन भी दिया. इस पूरी प्रक्रिया के दौरान उन्होंने वहां मौजूद आम नागरिकों की सुविधा में किसी तरह की दिक्कत ना हो, इस बात भी बखूबी ध्यान रखा
इस दौरान मो. अकबर ने लाइसेंस बनाने की तमाम प्रक्रियाओं को अधिकारियों से समझा. कार्यालय का दौरा किया.
साथ ही मातहत अधिकारियों को लाइसेंस बनवाने आने वाले लोगों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होने के निर्देश भी दिये ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *