छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन कांकेर शहर अध्यक्ष पद पर सतीश दीपक की नियुक्ति प्रदेश कार्यकारिणी की सहमति और प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर दुबे की अनुशंसा पर मिली जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन कांकेर शहर अध्यक्ष पद पर सतीश दीपक की नियुक्ति

प्रदेश कार्यकारिणी की सहमति और प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर दुबे की अनुशंसा पर मिली जिम्मेदारी
कांकेर। छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन द्वारा संगठन के विस्तार और पत्रकार हितों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सतीश दीपक (पूर्व पार्षद, पाता आमापारा कांकेर) को छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन कांकेर शहर का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन की प्रदेश कार्यकारिणी की सहमति तथा प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर दुबे की अनुशंसा पर की गई है।
नियुक्ति की घोषणा के साथ ही पत्रकार जगत एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने सतीश दीपक को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में कांकेर शहर इकाई पत्रकारों की समस्याओं के समाधान, संगठन की मजबूती तथा पत्रकार हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कार्य करेगी।
पत्रकारों के हितों को प्राथमिकता देने का संकल्प
नवनियुक्त अध्यक्ष सतीश दीपक ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनके अधिकारों, सम्मान तथा सुरक्षा के लिए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।
संगठन विस्तार और एकजुटता पर रहेगा विशेष जोर
उन्होंने कहा कि कांकेर शहर में पत्रकारों को एक मंच पर लाकर संगठन को मजबूत किया जाएगा। साथ ही युवा पत्रकारों को संगठन से जोड़ने, पत्रकारों के प्रशिक्षण, संवाद और उनके पेशेवर विकास के लिए भी विशेष पहल की जाएगी। संगठनात्मक गतिविधियों को गांव, वार्ड और शहर स्तर तक सक्रिय बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
पत्रकारिता के मूल्यों की रक्षा के लिए करेंगे कार्य
सतीश दीपक ने कहा कि निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन पत्रकारों के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करती रही है और भविष्य में भी यह प्रयास और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगा।
प्रदेश नेतृत्व ने दी शुभकामनाएं
छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के प्रदेश महासचिव कुलवन्त सिंह सलुजा ने नियुक्ति पत्र जारी करते हुए सतीश दीपक को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को उम्मीद है कि सतीश दीपक अपने अनुभव, सामाजिक सक्रियता और नेतृत्व क्षमता के बल पर कांकेर शहर इकाई को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे तथा पत्रकारों के हित में उल्लेखनीय कार्य करेंगे। संगठन ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सफल कार्यकाल के लिए शुभेच्छाएं प्रेषित की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *