नेहरू नगर का पूर्वी क्षेत्र ढलान की ओर होने के कारण प्रत्येक वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की समस्या विकराल रूप ले लेती है , निगम प्रशासन ध्यान दे – देविंदर भाटिया ( अध्यक्ष नेहरू नगर व्यापारी संघ )
नगर पालिका निगम भिलाई के उपायुक्त एवं जोन आयुक्त, कार्यपालन अभियंता (ईई) तथा सहायक अभियंता (एई) ने संघ के प्रतिनिधियों के साथ वार्ड 4 के समस्याग्रस्त क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया।
भिलाई, 20 जून। 17 जून को नेहरू नगर व्यापारी संघ के अध्यक्ष देविंदर सिंह भाटिया एवं कोषाध्यक्ष मुकेश जैन के नेतृत्व में निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर स्थलीय निरीक्षण की मांग की गई थी। इसके बाद निगम प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निरीक्षण कर समस्या के समाधान की दिशा में पहल की।वार्ड क्रमांक 4 स्थित नेहरू नगर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में नगर पालिका निगम भिलाई ने पहल शुरू कर दी है। नेहरू नगर व्यापारी संघ के लगातार प्रयासों और मांगों के बाद निगम प्रशासन ने क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया है।नेहरू नगर व्यापारी संघ के पदाधिकारियों द्वारा समस्या को गंभीरता से उठाए जाने के बाद नगर निगम भिलाई के उपायुक्त एवं जोन आयुक्त श्री दिनेश कोसरिया, कार्यपालन अभियंता (ईई) श्री संजय अग्रवाल तथा सहायक अभियंता (एई) ने संघ के प्रतिनिधियों के साथ समस्याग्रस्त क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जल निकासी व्यवस्था, सड़क निर्माण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया।व्यापारी संघ के अध्यक्ष देविंदर सिंह भाटिया ने बताया कि नेहरू नगर का पूर्वी क्षेत्र ढलान की ओर होने के कारण प्रत्येक वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की समस्या विकराल रूप ले लेती है। इसके चलते व्यापारिक प्रतिष्ठानों और आवासीय क्षेत्रों में आवागमन बाधित हो जाता है। कई स्थानों पर सीवरेज जाम होने से स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।निरीक्षण के दौरान व्यापारी संघ ने जलभराव की समस्या के अलावा क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दे भी अधिकारियों के समक्ष रखे। संघ के कोषाध्यक्ष मुकेश जैन ने पूर्व वर्षों में हुई जलभराव की स्थिति के वीडियो प्रस्तुत करते हुए सड़कों के नवनिर्माण, पार्किंग स्थलों के व्यवस्थित विकास, पानी के ठहराव को रोकने हेतु पेवर ब्लॉक लगाने तथा सुरक्षा एवं सुविधा के लिए नए विद्युत पोल स्थापित करने की मांग दोहराई।निगम अधिकारियों ने बताया कि पार्किंग क्षेत्रों में पेवर ब्लॉक लगाने और सड़कों के डामरीकरण संबंधी प्रस्ताव उच्च स्तर पर भेजे जा चुके हैं, जिनकी स्वीकृति शीघ्र मिलने की संभावना है। साथ ही, वर्तमान मानसून को देखते हुए जलभराव की समस्या के तत्काल निराकरण के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया गया।इस अवसर पर नेहरू नगर व्यापारी संघ के अध्यक्ष देविंदर सिंह भाटिया, कोषाध्यक्ष मुकेश जैन, कार्यकारिणी सदस्य राजू साहू, योगेश बंसल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी उपस्थित रहे।निरीक्षण के अंत में व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि संघ क्षेत्र के विकास, सौंदर्यीकरण तथा व्यापारियों और नागरिकों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा और कार्य पूर्ण होने तक निगम प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखेगा।
प्रेषक
संदीप सिंघल सह सचिव

