रायपुर। भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल पर उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाए जाने पर युवा कांग्रेस नेता मीत यादव ने कहा कि सरकार को सिर्फ प्रदर्शनी और प्रचार तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जनता की वास्तविक समस्याओं पर भी ध्यान देना चाहिए।
मीत यादव ने कहा कि एक तरफ भाजपा विकास के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर आम जनता महंगाई, बेरोजगारी, बिजली कटौती और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि विकास का सही आकलन प्रदर्शनी में लगाए गए पोस्टरों से नहीं, बल्कि जनता के जीवन में आए बदलाव से होता है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार के 12 वर्ष इतने गौरवपूर्ण रहे हैं तो युवाओं को रोजगार के लिए भटकना क्यों पड़ रहा है और आम नागरिक आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष क्यों कर रहे हैं। भाजपा देशभर में 12 वर्षों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए अभियान चला रही है।
मीत यादव ने कहा कि जनता को प्रचार नहीं, जवाबदेही और समाधान चाहिए। सरकार को तस्वीरों और प्रदर्शनियों से आगे बढ़कर जमीनी स्तर पर काम करने की आवश्यकता है।
“विकास का प्रमाण प्रदर्शनी नहीं, जनता की संतुष्टि होती है।” – मीत यादव

