*योगाचार्य मुकेश सिन्हा को डॉक्टरेट की मानद उपाधि*
**निःस्वार्थ समाज सेवा और परोपकार के लिए मिला सम्मान**
छुरा :- योग एवं समाज सेवा के क्षेत्र में अपने बहुआयामी योगदान से विशिष्ट पहचान स्थापित करने वाले मुकेश कुमार सिन्हा को डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से नगर एवं क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। सेवा, संवेदना और समर्पण उनकी जीवन साधना के प्रमुख आधार रहे हैं। योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से प्राचीन विद्या को जन जन तक पहुंचाने का पुनीत कार्य करते हैं। जरूरतमंदों की सहायता करना, पीड़ितों को राहत पहुँचाना और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना उनके जीवन का अभिन्न अंग रहा है। उनका सेवाभावी व्यक्तित्व इस बात का प्रेरक उदाहरण है कि वास्तविक उपलब्धि वही है, जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। एचीवर अवॉर्ड काउंसिल द्वारा सिन्हा को यह सम्मान उनके उल्लेखनीय एवं निःस्वार्थ कार्यों के लिए प्रदान किया गया। यह संस्था नीति आयोग, भारत सरकार के मिनिस्ट्री ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स, मिनिस्ट्री ऑफ एमएसएमई, जी-20 एवं आईएसओ से पंजीकृत संस्था है। योगाचार्य मुकेश कुमार सिन्हा को डॉक्टरेट की उपाधि के साथ ही भारत गौरव सम्मान अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया। सिन्हा का मानना है कि ज्ञान की सार्थकता शिक्षा देने में, कला की सार्थकता संस्कृति को जीवित रखने में और जीवन की सार्थकता मानवता की सेवा करने में है। योगाचार्य मुकेश कुमार सिन्हा को डॉक्टरेट की मानद उपाधि प्राप्त होने पर पतंजलि योग समिति जिलाध्यक्ष योगविद् अर्जुन धनंजय सिन्हा योग गुरु घनेंद्र कुमार सिन्हा पिता श्री नंद कुमार सिन्हा …. सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं शुभचिंतकों ने बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। सिन्हा की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत समर्पण एवं कर्मनिष्ठा का सम्मान है, बल्कि योग, नेचुरोपैथी के माध्यम से समाज सेवा को जीवन का ध्येय बनाने वाले सभी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत भी है।

