*सोनडोंगरी में कबीर नगर थाना की रेड चोरी का पेट्रोल-डीजल बेचने-खरीदने वाले गिरफ्तार*
रायपुर-राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में चोरी के पेट्रोल-डीजल की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का कबीर नगर थाना ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सोनडोंगरी इलाके में छापेमारी कर 4 आरोपियों की गिरफ्तारी की है। कबीर नगर थाना पुलिस ने करीब 35.45 लाख रुपए का डीजल, पेट्रोल, टैंकर, नकदी जब्त किए हैं।दरअसल, कबीर नगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कान्हा ढाबा के पीछे स्थित ईपी रोलिंग मिल के पास, सोनडोंगरी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पेट्रोल-डीजल का अवैध भंडारण और अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर कार्रवाई की और गिरोह का पर्दाफाश कर आरोपियों को पकड़ा पुलिस की रेड के दौरान बाउंड्री से घिरे एक खाली प्लॉट में चार लोग मौजूद मिले। जांच में वहां 8 ड्रमों में करीब 1,600 लीटर पेट्रोल और 3 ड्रमों में 500 लीटर डीजल रखा हुआ मिला।
मौके पर खड़े टैंकर (सीजी 07बीए 8727) की जांच करने पर उसमें लगभग 12 हजार लीटर डीजल भरा हुआ पाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया ने बताया कि वह टैंकर चालकों और अन्य लोगों से पेट्रोल-डीजल खरीदकर अवैध रूप से खरीदी बिक्री का काम करता है कुल जब्ती की कीमत 35 लाख 45 हजार 770 रुपए आंकी गई है। मौके से पेट्रोल और डीजल के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए सीलबंद किया गया।गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया (रायपुर), उमेश साव (बीरगांव), रामजी यादव (दुर्ग) और धर्मेंद्र साव (भिलाई) शामिल हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3, 7 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 287 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

