भूपेश के बयान पर भड़की रूद्र सेना बागेश्वर बाबा और हिंदू धर्म पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

भूपेश के बयान पर भड़की रूद्र सेना

बागेश्वर बाबा और हिंदू धर्म पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस को देशद्रोही पार्टी घोषित करने की चेतावनीरूद्र सेना ने कहा- भूपेश बघेल सार्वजनिक रूप से मांगे माफी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा पेट्रोल-डीजल की कीमतों और कथावाचकों को लेकर दिए गए बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। बुधवार को बिलासपुर दौरे के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए भूपेश बघेल ने भाजपा, आरएसएस और कथावाचकों को लेकर तंज कसते हुए कई बयान दिए। उन्होंने बागेश्वर बाबा को लेकर भी टिप्पणी की, जिसके बाद विभिन्न हिंदू संगठनों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
विश्रामपुर में आयोजित धरना प्रदर्शन में शामिल होने के बाद बिलासपुर पहुंचे भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार की नीतियों, धार्मिक नेताओं की भूमिका और भाजपा के कामकाज पर सवाल उठाए। इस दौरान उन्होंने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर धार्मिक कथावाचक चमत्कार कर सकते हैं तो उन्हें पेट्रोल-डीजल के दाम भी कम कर दिखाना चाहिए। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
इसी कड़ी में प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए रूद्र सेना के प्रदेश अध्यक्ष आलोक पांडे ने कांग्रेस और भूपेश बघेल पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल और उनका परिवार शुरू से ही हिंदू धर्म और ब्राह्मण समाज के खिलाफ मानसिकता रखते हैं। आलोक पांडे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी के कई नेता लगातार हिंदू धर्म और सनातन संस्कृति पर आपत्तिजनक बयान देते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब अयोध्या में भगवान राम मंदिर का लोकार्पण हुआ था तब भी भूपेश बघेल वहां नहीं पहुंचे। कांग्रेस नेताओं द्वारा कभी “राम मंदिर”, कभी “सनातन”, तो कभी “कोरोना” जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने हिंदू धर्म और सनातन पर टिप्पणी करने का जैसे ठेका ले लिया है।
आलोक पांडे ने यह भी कहा कि भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल ने भी समय-समय पर भगवान राम, ब्राह्मण समाज और हिंदू परंपराओं को लेकर विवादित बयान दिए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा परिवार हिंदू समाज को अपमानित करने का कार्य करता रहा है। ऐसे लोगों को जनता चुनाव में जवाब देगी और भगवान भी उन्हें सबक सिखाएंगे।
रूद्र सेना के प्रदेश अध्यक्ष ने वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसका असर वैश्विक बाजार और पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर पड़ रहा है। देश की जनता इन परिस्थितियों को समझती है, इसलिए इस प्रकार के बयान देना गैरजिम्मेदाराना है।
उन्होंने भूपेश बघेल के बयान को देशहित के खिलाफ बताते हुए इसे “देशद्रोही सोच” करार दिया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि भूपेश बघेल सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो रूद्र सेना कांग्रेस पार्टी को “देशद्रोही पार्टी” घोषित कर उसके खिलाफ प्रदेशभर में आंदोलन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *