दिनांक – 23/05/2026
आकाशवाणी के नब्बे वर्षों की याद मे किया गया “स्वरोत्सव” का आयोजन
रायपुर । आकाशवाणी के नब्बें वर्षों की शिक्षा सूचना और मनोरंजन की गौरवमयी यात्रा के उपलक्ष्य में आकाशवाणी रायपुर द्वारा 22 मई 2026 को उपशास्त्रीय संगीत एवं सुगम संगीत सभा स्वरोत्सव ” का आयोजन किया गया। इसमें ख्यातिप्राप्त कलाकारों ने अपनी सांगितिक प्रस्तुतियों से संगीत रसिकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानिय विमतारा ऑडिटोरियम में आयोजित स्वरोत्सव” में श्वेता शिवाले ने ठुमरी, दादरा, मिर्जापुरी कजरी, सावनी नग्मा और गीत प्रस्तुत किये। इनकी गायी ठुमरी आन मिलों सजना और मिर्जापुरी कजरी सेजिया पर लोटे काला नाग की धुन पर संगीत रसिक झूम उठे। इसके बाद दर्शको से खचाखच भरे हाल में पद्मश्री मदन चौहान ने सुगम संगीत प्रस्तुत किया । इनके गाये कबीर भजन, गजल, और सूफीयाना कलाम ने ऐसा समां बॉधा कि, दर्शक आत्मविभोर हो उठे।
आकाशवाणी रायपुर के उप महानिदेशक तथा क्लस्टर प्रमुख श्री वी. राजेश्वर ने उपस्थित दर्शकों का स्वागत करते हुए कहा कि, स्वरोत्सव का यह आयोजन आकाशवाणी की गौरवशाली परंपरा की याद दिलाता है। आकाशवाणी ने स्वतंत्रता पूर्व एंव आजादी के बाद भी श्रोताओं को सभी क्षेत्रों में जागरूक करने का काम किया है। बदलते हुए परिदृश्य में आकाशवाणी अपने ध्येय वाक्य “बहुजन हिताय बहुजन सुखाय” के सिद्धांत पर अपना प्रसारण जारी रखे हुए है।
आकाशवाणी रायपुर के कार्यक्रम प्रमुख एवं सहायक निदेशक (कार्यक्रम) श्री पंकज मेश्राम ने सुधि श्रोताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, श्रोता एवं कलाकार हर आकाशवाणी की शक्ति हैं। अकाशवाणी से बाहर ” स्वरोत्सव जैसे कार्यक्रमों को आयोजित करने का उद्देश्य यही है कि, विशेष श्रोतावर्ग को उनकी पसंद की प्रस्तुतियों से सीधे तौर पर जोडा जा सके।
स्वरोत्सव” के इस संगीतमयी आयोजन का स्मरण संगीत की दुनिया में लम्बे समय तक बना रहेगा।

