बिहार के बाद अब झारखंड में भी बच्चा चोरी के अफवाह में भीड़ की पिटाई के मामले सामने आ रहे हैं। रामगढ़ के पतरातू का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ एक शख्स को पीटती नजर आ रही है। जबकि पिट रहा शख्स खुद को बेकसूर बताकर छोड़ देने की गुहार लगा रहा है। हालांकि इस वीडियो को लेकर फिलहाल पुलिस कुछ नहीं कह रही।
इससे पहले रविवार को रामगढ़ के ही चितरपुर में लोगों ने बच्चा चोर के अफवाह में एक महिला को पकड़ लिया और सड़क जामकर हंगामा किया। पुलिस के मुताबिक महिला मानसिक रूप से बीमार है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार को ही हजारीबाग के दारू प्रखंड के हुटपा-महेशरा गांव में बच्चा चोरी के अफवाह पर ग्रामीणों ने एक महिला को पकड़ लिया और बिना कुछ पूछे उसकी जमकर पिटाई कर दी।
हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे भीड़ के चंगुल से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। उधर, पलामू के छतरपुर के बढ़हवाखांड गांव में लोगों ने एक विक्षिप्त युवक को पीट डाला। हालांकि गांव के ही कुछ समझदार लोगों ने उसे भीड़ से बचाकर अस्पताल पहुंचाया।

