*एग्रीस्टेक में दर्ज रकबे से रासायनिक उर्वरकों का वितरण किसानों का हक छीनने की साजिश –अभिषेक मिश्रा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, AAP CG*


*आम आदमी पार्टी, छत्तीसगढ़**31/03/2026*
*एग्रीस्टेक में दर्ज रकबे से रासायनिक उर्वरकों का वितरण किसानों का हक छीनने की साजिश –अभिषेक मिश्रा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, AAP CG*
रायपुर, 31 मार्च 2026।आम आदमी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने छत्तीसगढ़ में किसानों के साथ हो रहे “डिजिटल अन्याय” को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उनका कहना है कि पिछले साल भूमि रिकॉर्ड (खसरा/बी-1) अपडेट नहीं होने, एग्रीस्टेक पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी और सर्वर त्रुटियों के कारण प्रदेश के लाखों किसानों का रकबा कम कर दिया गया या पूरी तरह गायब हो गया है। केवल सरगुजा-अम्बिकापुर क्षेत्र में ही लगभग 29 हजार हेक्टेयर भूमि का रिकॉर्ड प्रभावित हुआ है, जबकि पूरे प्रदेश में लाखों हेक्टेयर रकबा पोर्टल में गलत दर्ज किया गया है। इससे हर जिले के हजारों किसान प्रभावित हुए हैं। सरकार ने इस गंभीर समस्या को हल करने के बजाय केवल “खाना पूर्ति” के लिए सुधार शिविर (Correction Camps) लगाए और पंजीयन तिथि बढ़ाने का दिखावा किया, लेकिन जमीनी स्तर पर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो सका।
उन्होंने आरोप लगाया कि अब सरकार द्वाराआगामी ख़रीफ फसल के लिए एग्रीस्टेक पोर्टल में दर्ज रकबे के आधार पर उर्वरकों का वितरण करने का निर्णय किसानों के लिए और भी घातक साबित हो सकता है। जिन किसानों का रकबा पोर्टल में कम या गलत दर्ज है, उन्हें उनकी पात्रता से कम खाद मिलने का खतरा है। एक ओर किसान अपने अधिकार के लिए भटक रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकार उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने और पारदर्शिता की बात कर रही है। यह दोहरा रवैया किसानों के साथ अन्याय है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि सभी प्रभावित किसानों का भूमि रिकॉर्ड तत्काल सही किया जाए। एग्रीस्टेक पोर्टल की त्रुटियों की स्वतंत्र जांच कराई जाए। जब तक सभी रिकॉर्ड सही नहीं हो जाते, तब तक पुराने रिकॉर्ड के आधार पर उर्वरक वितरण किया जाए। किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आम आदमी पार्टी प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करेगी। हम किसान का हक छीनने नहीं देंगे – हर खेत का सही रकबा, हर किसान को पूरा अधिकार दिलाकर रहेंगे।
*मिहिर कुर्मी**प्रदेश मीडिया प्रभारी**आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़**8461830001*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *