वंडर किड्स अकैडमी का भव्य वार्षिक उत्सव



वंडर किड्स अकैडमी का भव्य वार्षिक उत्सव “आशाएं” 31 जनवरी को विमंतारा हॉल, शांति नगर में अत्यंत गरिमामय और भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत से लेकर अंत तक हॉल में मौजूद माता-पिता, शिक्षक और अतिथि बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर गदगद और भावविभोर नजर आए। मंच पर बच्चों की मुस्कान, आत्मविश्वास और खुलेपन ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान जब नन्हे-नन्हे बच्चे माइक थामे मंच पर खड़े हुए, तो यह स्पष्ट दिखाई दिया कि वंडर किड्स अकैडमी बच्चों को केवल परफॉर्मर नहीं, बल्कि आत्मविश्वासी और साहसी व्यक्तित्व के रूप में तैयार कर रही है। बच्चों को देखकर माता-पिता की आंखों में गर्व और खुशी साफ झलक रही थी और बच्चे भी पूरे उत्साह और आनंद के साथ अपनी प्रस्तुति दे रहे थे।
कार्यक्रम के सबसे भावुक और यादगार क्षण वह रहे जब मां और बच्चे तथा पिता और बच्चे एक साथ मंच पर थिरकते नजर आए। मदर एंड किड डांस के दौरान कई मांएं अपने बच्चों के साथ नृत्य करते हुए भावुक हो गईं, वहीं फादर एंड किड डांस में पिताओं की खुशी और गर्व का ठिकाना नहीं था। यह दृश्य उस भावनात्मक जुड़ाव को दर्शा रहा था, जहां बच्चा स्वयं को सुरक्षित, स्वीकार्य और समर्थ महसूस करता है।
देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने पूरे हॉल को ऊर्जा से भर दिया। नेशनल एंथम के साथ-साथ बच्चों द्वारा वीर योद्धाओं की शक्ति, साहस और बलिदान पर आधारित पेट्रियोटिक परफॉर्मेंस प्रस्तुत की गई, जिसे देखकर उपस्थित सभी लोगों के रोंगटे खड़े हो गए और हॉल तालियों से गूंज उठा। यह प्रदर्शन ऐसा था जिसने दिलों में गर्व, सम्मान और भावनाओं की गहरी लहर पैदा कर दी।
इस वार्षिक उत्सव की संकल्पना बच्चों के संपूर्ण मानसिक और भावनात्मक विकास को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई थी। स्कूल की प्रिंसिपल मिसेज पल्लवी मिश्रा, जो कि चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट और पेरेंटिंग कोच हैं, के मार्गदर्शन में बच्चों को एक ऐसा मंच दिया गया जहां वे डर से मुक्त होकर अपनी भावनाओं को व्यक्त कर सकें और स्वयं पर विश्वास करना सीखें। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को एक्टिव किड अवॉर्ड, ओबेडिएंट किड अवॉर्ड और गुड अटेंडेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में अनुशासन, निरंतरता और सकारात्मक व्यवहार को प्रोत्साहन मिला।
इस अवसर पर कन्वोकेशन डे भी मनाया गया, जो बच्चों की शैक्षणिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण और भावनात्मक पड़ाव रहा। कार्यक्रम में स्कूल के डायरेक्टर मिस्टर जीवन्त तिवारी की विशेष उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के रूप में वर्ष 2008 बैच की आईपीएस अधिकारी मिस मिलिना कुर्रे उपस्थित रहीं, वहीं विशेष अतिथि के रूप में आईबीसी-24 न्यूज़ चैनल के को-एक्जीक्यूटिव एडिटर, वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक बरुण सखा जी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विशेष आमंत्रित अतिथियों में डॉ. अभिषेक मिश्रा (ओरल सर्जन एवं सोशल एक्टिविस्ट), पद्मा शर्मा (संस्थापक, कोपल वाणी) और रूना शर्मा (कॉस्मेटोलॉजिस्ट एवं सोशल एक्टिविस्ट) उपस्थित रहे। स्कूल स्टाफ और अभिभावकों की सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक सार्थक बनाया।
“आशाएं” केवल एक वार्षिक उत्सव नहीं, बल्कि उन भावनाओं, विश्वास और मूल्यों का प्रतिबिंब रहा, जहां बच्चे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना सीखते हैं और माता-पिता अपने बच्चों को इस रूप में देखकर गर्व से भर उठते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *