*महासमुंद तहसील कार्यालय के बाबू ने रिश्वत में 50 हजार और बकरा मांगा, एसीबी ने दबोचा*
रायपुर : एंटीकरप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने महासमुंद में तहसील कार्यालय में पदस्थ रिश्वतखोर बाबू माईकल पीटर को पकड़ा है। आरोपित बाबू ने निलंबित हुवे कोटवार से उसके बहाली के लिए 50 हजार रुपये और एक बकरे की मांग की थी। एसीबी ने छापा मारकर बाबू को मंगलवार को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ तहसील कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार पिथौरा तहसील अंतर्गत ग्राम आरबी चीफ मेन के कोटवार राजू चौहान का कुछ दिनों पहले निलंबन हुआ था। बहाली के लिए आवेदन करने पर कानूनगो शाखा के माईकल पीटर, सहायक ग्रेड-2 ने रिश्वत मांगी। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था। उसने एंटी करप्शन रायपुर में इसकी शिकायत की। सत्यापन के बाद योजना बनाकर आरोपित माईकल पीटर को एसीबी ने दबोचा। आरोपित माईकल के बेटे की शादी 28 दिसंबर को है। शादी की पार्टी के लिए कोटवार से रिश्वत के रूप में एक बकरा मांगा था। वहीं, चार बकरे और खोजने के लिए कहा था। ऐसा नहीं करने पर बहाली रोकने की बात कही गई थी।

