रायपुर,केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जांच कराने की घोषणा
अवैध चौपाटी के विरुद्ध जारी धरना स्थगित, सभी वार्डों में होगा भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन का विस्तार
कोई तो ऐसा क्षेत्र हो जहाँ कांग्रेस सरकार का भ्रष्टाचार न हो- डॉ. रमन
धरने से छत्तीसगढ़ सरकार हिल गई-अरुण साव
मूणत ने किया दिशाहीन सरकार को जगाने का काम- नारायण चंदेल
रायपुर। पूर्व मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में अवैध चौपाटी के खिलाफ चल रहा धरना आज पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव,और नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल की मौजूदगी में स्थगित कर दिया गया। अब भाजपा राजधानी के सभी वार्डों में अपने आंदोलन का विस्तार करेगी और राज्य सरकार के संरक्षण में नगर निगम और स्मार्ट सिटी प्रोजेस्ट द्वारा किए गए भ्रष्टाचार को उजागर करेगी। धरना स्थल में आयोजित सभा में भाजपा के अनेक नेता, विधायक, पूर्व विधायक और पदाधिकारी पहुंचे।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस सरकार को जमकर आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि कोई तो ऐसा क्षेत्र हो जहाँ कांग्रेस सरकार का भ्रष्टाचार न हो, भूमाफिया, रेत माफिया , नशा माफिया और अब चौपाटी माफिया सब कांग्रेस के राज में फल फूल रहे हैं। धर्मान्तरण का खुला खेल प्रदेश सरकार की शह पर हो रहा है। हमारे जनजातीय बंधुओं को प्रशासन की शह पर प्रताड़ित किया जाता है और सरकार मौन रहकर तमाशबीन बनी रहती है। कोयले में प्रति टन 25 रुपये की दलाली किसकी जेब में जा रही है, यह किसी से छुपा नहीं है। मैंने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी से चर्चा की। उनसे पूछा कि आपकी तरफ से इस पर क्या कार्यवाही की जाएगी। श्री पुरी ने आश्वसन दिया कि आप निश्चिंत रहिए डॉ साहब। मैं ऐसी कार्यवाही करूँगा कि नजीर बन जायेगी। हम जानता कि पाई पाई का हिसाब लेंगे।दोषियों पर कार्यवाही करेंगे ।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने कहा कि 11 दिन के इस अनिश्चितकालीन धरने से छत्तीसगढ़ सरकार हिल गई है। मैं सभी कार्यकर्ताओं को साधुवाद देता हूँ। आपकी ताकत और नेक नियति से किए गए इस आंदोलन का असर पूरे प्रदेश में होगा। जिस तरह से इस शैक्षणिक केंद्र का नाम बर्बाद करने का काम, यहाँ के विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम कांग्रेसी महापौर कर रहे हैं, यह सब कांग्रेस सरकार की शह पर हो रहा है। जिस तरह पूरे प्रदेश को नशे का गढ़ बनाया उसी तरह इस एजुकेशन हब को भी नशे का केंद्र बनाने की नीयत से यह निर्णय लिया गया है।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने स्मार्ट सिटी के नाम पर हुए सभी भ्रष्ट कार्यों का सिलसिलेवार उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार से 1000 करोड़ रुपए स्मार्ट सिटी के लिए मिले। लेकिन काम कहीं नजर नहीं आता। स्मार्ट सिटी के पैसे से ढेबर कॉलोनी में सड़क बन गई यह सब क्या हो रहा है कैसी मनमानी है? केंद्र सरकार ने प्राइवेट कॉलोनियों में खर्च करने के लिए पैसा नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि अब भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन होगा और कांग्रेस को घर बैठाने के बाद यह सिलसिला खत्म होगा। राजेश मूणत ने कहा कि अब तक नगर निगम ने हाईकोर्ट में अवैध चौपाटी के संबंध में जवाब नहीं दिया है। नगर निगम जवाब देगी, तब उसकी समीक्षा करेंगे।

