मानवता की मिसाल-कोरोना से मृत व्यक्ति के परिवार में कोई पुरुष सदस्य न होने पर पंकज शर्मा व युवाओं ने किया दाह संस्कार

मानवता की मिसाल-कोरोना से मृत व्यक्ति के परिवार में कोई पुरुष सदस्य न होने पर पंकज शर्मा व युवाओं ने किया दाह संस्कार


रायपुर। कोरोना वैश्विक महामारी की दूसरी लहर ने राजधानी सहित पूरे प्रदेश में कहर मचा रखा है। लगातार बढ़ते मरीजों और इस महामारी से हो रही मृत्यु को देखकर राजधानी रायपुर में फिर से लॉकडाउन लगाया जा रहा है। सरकार इस बीमारी के नियंत्रण और बचाव हेतु हर संभव प्रयास कर रही है। लेकिन मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीमारी से लोग डरे सहमे हुए हैं। इस बीच राजधानी के भनपुरी में मानवता की मिसाल पेश करने वाली घटना हुई।

प्रदेश महामंत्री कांग्रेस कमेटी पंकज शर्मा ने एवं युवा पहल कि टीम ने मुक्तिधाम शव पहुंचाया

भनपुरी 9 ब्लॉक धनलक्ष्मी नगर निवासी सुभाष चन्द्र शर्मा उम्र 65 वर्ष की कोरोना से मृत्यु हो गई। मृतक कोरोना पॉजिटिव होने के कारण घर में ही आइसोलेशन में था। मृतक के घर में सिर्फ उसकी पत्नी और बेटी है। कोरोना से मृत्यु होने पर आसपास के लोग भी घबरा रहे थे। घर में कोई पुरुष सदस्य न होने के कारण दिक्कत हो रही थी। घटना की सूचना मिलने पर रायपुर ग्रामीण विधायक सत्यनारायण शर्मा के पुत्र व प्रदेश कांग्रेस महामंत्री पंकज शर्मा व पहल युवा सामाजिक संस्था के पदाधिकारी पहुंचे। उन्होंने पीपीई कीट पहनी और शव को मुक्तिधाम ले जाकर अंतिम संस्कार किया।

इस संकट की घड़ी में हमें साहस से एक दूसरे का साथ देना है-पंकज शर्मा

पंकज शर्मा ने कहा इस महामारी से हमें मिलकर लड़ना है। यह समय घबराने या डरने का नहीं है। इस संकट की घड़ी में हमें साहस से एक दूसरे का साथ देना होगा। हमारी सावधानी व सुरक्षा निर्देशों से इस पर काबू पाया जा सकता है। सभी सतर्क व सुरक्षित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *