दिल्ली से लौटे मरकाम, निगम-मंडल की पहली सूची इस माह होगी जारी
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष मोहन मरकाम शुक्रवार को रायपुर लौट आए। वे निगम-मंडलों में नियुक्ति के लिए भेजे गए कुछ नामों पर आई आपत्तियों का जवाब देने दिल्ली गए थे। अब इस सूची को राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा।
बताया जाता है कि कांग्रेस संगठन के करीब दर्जन भर नेता, कार्यकर्ता और विधायकों के नाम पहली सूची के लिए तय कर लिए गए। वहीं, निगम-मंडल में 33 फीसदी महिलाएं भी काबिज रहेंगी। उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री निवास में शुक्रवार को वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बैठक के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पहली सूची के नामों पर अपनी सहमति दे दी है। बताया जा रहा है कि सावन में पहली सूची जारी कर दी जाएगी। हालांकि इस पर सीधे तौर पर सरकार की ओर से कुछ भी नहीं कहा जा रहा है।
बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा में वरिष्ठ मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि बैठक में सार्थक चर्चा हुई है। बहुत सारे नामों पर विचार किया गया है। आलाकमान को जो नाम तय हुए उसकी सूची भेजी जाएगी। बता दें कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बने डेढ़ साल हो चुके हैं, लेकिन अब तक निगम-मंडल में नियुक्तियां नहीं हो पाई हैं। दावेदारों को उम्मीद है कि देर-सबेर निगम-मंडल में उनकी नियुक्ति हो ही जाएगी।
मरकाम बोले-पुनिया से हुई चर्चा
रायपुर में संवाददाता से चर्चा में मोहन मरकाम ने कहा, वे निगम-मंडलों की सूची पर चर्चा के लिए दिल्ली गए थे। प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया से नामों पर विस्तृत चर्चा हुई है। सभी वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद नाम तय हुए हैं। ऐसे में सभी लोग संतुष्ट हैं। अब प्रदेश प्रभारी उस सूची को हाईकमान के सामने अनुमोदन के लिए ले जाएंगे। अंतिम मुहर वहीं से लगनी है। उसके बाद नियुक्तियां होंगी। बताया जा रहा है कांग्रेस समन्वय समिति ने फिलहाल 40 लोगों के नाम भेजे हैं, लेकिन अभी 15 से 20 लोगों की नियुक्तियों को ही अभी मंजूरी मिलेगी। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने बताया कि क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने का काम दूसरी सूची में किया जाएगा।
सालों से सक्रिय रहे कांग्रेस के कार्यकर्ता पदाधिकारियों वा जमीनी नेताओं को इसमें जगह मिलती है कि नहीं नियुक्ति के आने के बाद है पता चलेगा


