पाकिस्तान में फिर जहरीली गैस लीक, 2 की और मौत

कराची
पाकिस्तान के कराची में जहरीली गैस लीक होने का मामला फिर सामने आया है। इसमें सोमवार रात दो लोगों की मौत हो गई। वहीं करीब 25 लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। इससे पहले रविवार रात भी जहरीली गैस लीक होने की खबर आई थी। उसमें चार लोगों के मौत की बात सामने आई थी।

रविवार रात सब्जियों के एक कंटेनर से जहरीली गैस निकलने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई थी। कंटेनर को रविवार रात एक मालवाहक पोत से केमारी बंदरगाह क्षेत्र में उतारा गया था। डीआईजी शरजील खराल ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि जैक्सन मार्केट में लोगों ने जैसे ही कंटेनर खोला, उसमें से धुआं निकलने लगा, जिससे लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी और वे बेहोश हो गए।

उन्हें पास ही के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चार लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बंदरगाह अधिकारियों और पाकिस्तानी नौसेना से मालवाहक पोत के बारे में जानकारी मांगी है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *