
रिपोर्ट के अनुसार, मामले की पुलिस में शिकायत नहीं की गई है लेकिन डीडीसीए ने अपने निदेशक संजय भारद्वाज को कोलकाता भेज दिया है। डीडीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘संजय भारद्वाज कोलकाता में हैं। दोनों खिलाड़ी बंगाल के खिलाफ आज से शुरू हुए मैच में नहीं खेल रहे हैं।’
उन्होंने आगे बताया, ‘उन्हें आचार संहिता के उल्लंघन के कारण वापस घर भेज दिया गया है। हमने सुना है कि उन्होंने कथित तौर पर महिलाकर्मी का दरवाजा खटखटाया था और सीसीटीवी फुटेज से उनकी पहचान हुई।’ उन्होंने कहा, ‘सौभाग्य से इस मामले की पुलिस शिकायत नहीं की क्योंकि दिल्ली टीम ने होटल अधिकारियों से बिना शर्त माफी मांग ली थी।’
इशांत पंजाब के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे और ऐसे में कुलदीप का अंतिम एकादश में जगह बनाना तय माना जा रहा था, लेकिन अब देखना होगा कि डीडीसीए इन दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करता है या नहीं। दिल्ली ने बंगाल के खिलाफ 36 ओवर में चार विकेट पर 110 रन बनाये। मनजोत कालरा 59 रन पर खेल रहे हैं।
Source: Sports

