हिंडन एयरपोर्ट: शुक्रवार से पिथौरागढ़ के लिए फिर शुरू होगी हवाई सेवा

गाजियाबाद
हैरिटेज एविएशन की विमान में आई खराबी के कारण हिंडन-पिथौरागढ़ रूट पर दोनों तरफ से सेवाएं 2 दिन से बंद हैं। बुधवार को भी यात्रियों को मेसेज के जरिए उड़ान रद्द होने की सूचना दी गई। अब शुक्रवार से इस रूट पर दोबारा उड़ानें शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। पर तैनात एविएशन कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि तय शेड्यूल के हिसाब से गुरुवार को फ्लाइट सर्विस बंद रहेगी। इसलिए अब शुक्रवार को ही ऑपरेशन शुरू हो पाएगा।

हिंडन-पिथौरागढ़ के बीच 9 सीटर विमान में सोमवार को खराबी आ गई थी। इससे 14 अक्टूबर को हिंडन से विमान नहीं उड़ सका। इस वजह से यात्रियों को परेशानी हुई और एयरलाइन कंपनी की तरफ से सभी यात्रियों को टिकट के रुपये रिफंड करना पड़ा। इसके बाद तकनीकी टीम विमान ठीक करने में लगी रही। इससे मंगलवार और बुधवार को ऑपरेशन पूरी तरह बंद करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि विमान के ब्रेक सिस्टम में खराबी आई थी। इससे रनवे पर पहिया जाम हो गया था। इस खराबी को ठीक कर लिया गया है।

कलबुर्गी के लिए भी उड़ान
हिंडन एयरपोर्ट से पिथौरागढ़ की फ्लाइट शुरू होने के बाद अब हुबली के लिए सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है। इसके 1 महीने के अंदर कर्नाटक के कलबुर्गी के लिए भी सेवा शुरू कर दी जाएगी। दोनों शहरों के लिए 50 सीटर विमान ही उड़ाया जाएगा। 11 अक्टूबर से यहां से उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के लिए उड़ान शुरू की जा चुकी है। 6 नवंबर से हुबली के लिए स्टार एयर हवाई सेवा शुरू करेगी।

Source: Uttarpradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *