महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: PM नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी आज से शुरू करेंगे प्रचार अभियान

मुंबई
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के करीब एक हफ्ते पहले आज पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सूबे में चुनावी रैली करेंगे। दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी आज से ही सूबे में प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे।पीएम मोदी 2 रैलियों को संबोधित करेंगे तो राहुल की 3 रैलियां हैं। महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच राहुल गांधी विदेश में थे और कयास लगाए जा रहे थे कि अपने करीबियों को नजरअंदाज किए जाने से वह नाराज है। लेकिन विदेश से लौटने के बाद मानहानि के मामलों में गुजरात की अदालतों में वह पेश हुए और आज से चुनाव अभियान की शुरुआत कर रहे हैं।

रविवार को पीएम मोदी की पहली सभा जलगांव के कुसुंबा खुर्द में दोपहर 12 बजे होगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे भंडारा जिले के सकोली में दूसरी जनसभा होगी। कांग्रेस के राहुल गांधी लातूर के औसा, मुंबई में चांदिवली से कांग्रेस के उम्मीदवार नसीम खान और धारावी से वर्षा गायकवाड़ के लिए प्रचार करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य में 13 से 18 अक्टूबर के बीच 9 जनसभाओं को संबोधित करेंगे। रविवार को पीएम मोदी की दो सभाओं के बाद 16 अक्टूबर को अकोला, पनवेल, पारतुर, 17 अक्टूबर को पुणे, सातारा, परली में रैलियां होंगी। मुंबई में 18 अक्टूबर को पीएम की महारैली होगी। इस रैली में शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के अलावा रिपाई अध्यक्ष रामदास आठवले, राष्ट्रीय समाज पक्ष के महादेव जानकर, शिव संग्राम के विनायक मेटे और सदाभाऊ खोत के उपस्थित होने की संभावना है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज और 15 अक्टूबर को महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार करेंगे। रविवार को राहुल गांधी लातूर के औसा विधानसभा में चुनाव प्रचार करने के बाद मुंबई में चांदिवली विधानसभा में पार्टी के उम्मीदवार नसीम खान के चुनावी रैली में भाग लेंगे। वहां राहुल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। नसीम खान ने आम लोगों और अपने समर्थकों से इस सभा को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राहुल देश में संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। इसके अलावा वह किसानों, बेरोजगारों, महिलाओं की समस्याओं को पूरी मजबूती से उठा रहे हैं। नसीम ने कहा कि इस लड़ाई में सबको राहुल का साथ देना है। खान का चुनाव प्रचार करने के बाद वे धारावी की उम्मीदवार वर्षा गायकवाड के लिए सभा को संबोधित करेंगे।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को अलग-अलग जगहों पर तीन जनसभा और एक रोड शो में भाग लेंगे। शाह की पहली सभा कोल्हापुर में सुबह 11 बजे होगी। इसके बाद सातारा जिले के कराड में दोपहर सवाल एक बजे दूसरी जनसभा होगी। दोपहर साढ़े तीन बजे पुणे जिले के शिरुर में रोड शो में भाग लेंगे और इसके बाद औरंगाबाद जिले के लासूर, गंगापुर में जनसभा को संबोधित करेंगे।

288 सीटों वाली महाराष्ट्र विधानसभा के लिए 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। 24 अक्टूबर को नतीजे आएंगे। बीजेपी-शिवसेना के सामने सूबे में सत्ता बचाने की चुनौती है, वहीं कांग्रेस-एनसीपी की कोशिश 5 साल सत्ता में वापसी की होगी। 90 सीटों वाले हरियाणा में भी 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे और दोनों सूबों के लिए नतीजे 24 अक्टूबर को आएंगे।

Source: Madhyapradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *