*डिंडौरी के खेमेश्वर पुरी गोस्वामी को मिला ‘छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड’: दबंग स्वर के 6वें स्थापना दिवस पर राजधानी में गूंजा प्रतिभाओं का जयघोष*



*डिंडौरी के खेमेश्वर पुरी गोस्वामी को मिला ‘छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड’: दबंग स्वर के 6वें स्थापना दिवस पर राजधानी में गूंजा प्रतिभाओं का जयघोष*
*लोक कला, बौद्धिक विमर्श और सम्मान की त्रिवेणी में 100 विभूतियां अलंकृत; अंतरराष्ट्रीय कृषि वैज्ञानिक डॉ. राजाराम त्रिपाठी रहे मुख्य अतिथि*

रायपुर/मुंगेली। जब निष्ठा और रचनात्मक अवदान समाज की धड़कनों से एकाकार हो जाते हैं, तब ऐसी साधना का सम्मान समूचे प्रदेश का गौरव बन जाता है। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित वृन्दावन सभागृह में आयोजित एक गरिमामय एवं भव्य समारोह में मुंगेली जिले के ग्राम डिंडौरी निवासी पत्रकार खेमेश्वर पुरी गोस्वामी को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट सामाजिक व सृजनात्मक योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड’ से विभूषित किया गया।यह गरिमामय अलंकरण प्रदेश के मुखर दैनिक समाचार पत्र ‘दबंग स्वर’ के छठवें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में, सामाजिक व साहित्यिक चेतना की संवाहक संस्था ‘वक्ता मंच’ के संयुक्त तत्वावधान में प्रदान किया गया।
खेमेश्वर पुरी गोस्वामी का संपूर्ण कृतित्व लोक-कल्याण और मानवीय सरोकारों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का परिचायक रहा है। अपनी सृजनात्मक दृष्टि, सतत सक्रियता और सकारात्मक बदलाव के संकल्प से उन्होंने समाज के समक्ष एक प्रेरक मानक स्थापित किया है। समारोह के मंच पर अतिथियों द्वारा उन्हें छत्तीसगढ़ महतारी का आकर्षक मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर उनके वैचारिक समर्थकों में हर्ष का वातावरण है।
*सम्मान बेहतर बनने की ऊर्जा देता है : डॉ. राजाराम त्रिपाठी*समारोह के मुख्य अतिथि, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कृषि वैज्ञानिक एवं दंतेश्वरी हर्बल समूह के संस्थापक डॉ. राजाराम त्रिपाठी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा, “सम्मान व्यक्ति को अपने क्षेत्र में और अधिक उत्कृष्ट कार्य करने की संजीवनी देता है। समाज के सच्चे साधकों की पीठ थपथपाना एक अनिवार्य सामाजिक दायित्व है।”कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार अनिल पुसदकर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भू-जल वैज्ञानिक डॉ. विपिन दुबे, केंद्रीय हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग’, ‘युवा’ संस्था के संस्थापक एम. राजीव तथा ‘स्वदेश’ के उप-संपादक राजकुमार धर द्विवेदी मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन में ‘दबंग स्वर’ के प्रधान संपादक डॉ. पंडित पी. के. तिवारी ने समाचार पत्र की विकास यात्रा को रेखांकित करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और निर्भीक पत्रकारिता के संकल्प के साथ शुरू हुआ यह सफर आज रायपुर, दुर्ग, जगदलपुर और कोरिया संस्करणों तक विस्तार ले चुका है।

कार्यक्रम का संचालन वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने किया,जबकि आभार प्रदर्शन संयोजक शुभम साहू ने ज्ञापित किया। समूचे आयोजन को सफल बनाने में मनीष अवस्थी, विवेक बेहरा, देव मानिकपुरी, पुर्णेश डड़सेना, ज्योति शुक्ला , दुष्यंत साहू,हेमलाल पटेल सहित वक्ता मंच की पूरी टीम का उल्लेखनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *