छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी
*भाजपा का ‘सुशासन’ सिर्फ विज्ञापनों में, धरातल पर अपराधियों का राज और चाकूबाज़ों का आतंक है- कांग्रेस*
रायपुर 30 रोजाना हो रही चाकूबाजी और हत्याओं के लिए भाजपा सरकार और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि इसी माह अगस्त में राजधानी रायपुर में लगभग डेढ़ दर्जन हत्या के जघन्य अपराध कारित किए गए, कल ही राजधानी के तेलीबांधा और पुरानी बस्ती इलाके में सरेआम चाकूबाजी, हत्या का प्रयास हुआ, पुरानी बस्ती इलाके में ही एक बदमास कमर में कट्टा फसाकर खुलेआम दहशत फैलाता दिखा। इस प्रदेश में आम जनता को भयमुक्त वातावरण देने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? क्या गृह मंत्री स्वीकार करेंगे कि उनका प्रशासनिक नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो चुका है और उन्हें पद पर रहने का नैतिक अधिकार नहीं है?
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था अब भयावह हो चुकी है, विशेष रूप से राजधानी रायपुर के “क्राइम कैपिटल” में तब्दील हो गया है, कमिश्नरी सिस्टम से अपराध नियंत्रण का दावा फेल हो गया है, भाजपा ‘सुशासन’ और ‘अपराधमुक्त छत्तीसगढ़’ का दावा करती है, लेकिन हकीकत यह है कि राजधानी रायपुर में दिन-दहाड़े चाकूबाजी, लूट, रंगदारी और हत्याएं आम हो चुकी हैं। प्रशासनिक और पुलिसिया खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि पुलिस बल की तैनाती और गश्ती केवल वीआईपी को ही समर्पित है। सरकार और प्रशासन का ध्यान जमीनी अपराध रोकने के बजाय केवल राजनीतिक एजेंडे और विपक्ष को दबाने पर केंद्रित है। इंटेलिजेंस और बीट-सिस्टम पूरी तरह ध्वस्त हो चुके हैं। आम जनता, महिलाएँ और व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है, शाम ढलते ही चाकूबाज़ों का आतंक शुरू हो जाता है। महिलाओं और बेटियों का अकेले बाहर निकलना दूभर हो गया है। आमनागरिक भय के साये में जीने को मजबूर हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की पहचान शांतिप्रिय राज्य की रही है, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे अपराधियों की चारागाह बना दिया है। अवैध शराब, सूखा नशा, जुए सट्टे के अड्डे, भू माफिया और अवैध रेत के काले कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई के चलते ही अपराध बढ़ रहा है। भाजपा सरकार में गृह विभाग का दुरुपयोग केवल विपक्षी नेताओं की जासूसी, उत्पीड़न और झूठे एफआईआर दर्ज करने तक ही सीमित रह गया है, पुलिस का खौफ अपराधियों में नहीं, बल्कि आम जनता के दिलों में बैठ गया है।
सुरेंद्र वर्मा मुख्य प्रवक्ता छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी 9826274000

