क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर ने किया कांकेर के लाल का सम्मान, बढ़ा छत्तीसगढ़ का मान
इंडिया टीम के क्रिकेटर गावस्कर के हाथों इंडिया ब्रांड आईकॉन अवार्ड से सम्मानित हुए अजय पप्पू मोटवानी
कांकेर। शहर तथा प्रदेश के सुप्रसिद्ध समाज सेवी अजय पप्पू मोटवानी को आज एक और बहुत बड़ी उपलब्धि प्राप्त हुई, जब उन्हें दुनिया के जाने माने क्रिकेट विशेषज्ञ सुनील गावस्कर के कर कमलों से सम्मानित होने का स्वर्ण अवसर मिला। इस हेतु उन्हें विख्यात संस्था इंडिया साइबर मीडिया द्वारा इंडिया ब्रांड आईकॉन सम्मान प्राप्त करने हेतु आमंत्रित किया गया था। यह कार्यक्रम आज 30 अगस्त को 11:00 बजे होटल होलीडे इन, अंधेरी वेस्ट, मुंबई में आयोजित था।
समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला वर्ष 2026 का प्रतिष्ठित अवार्ड
समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु अजय पप्पू मोटवानी को वर्ष 2026 के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुंबई की जानी मानी हस्तियों ने भी शिरकत की थी। मंच पर जब सुनील गावस्कर जी के हाथों उन्हें सम्मानित किया गया तो पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। आयोजकों ने कहा कि पप्पू मोटवानी जी ने समाज सेवा को ही अपना जीवन लक्ष्य बनाया है, जो युवाओं के लिए प्रेरणा है।
लंदन की अंतरराष्ट्रीय पत्रिका में मुख्य पृष्ठ पर जगह, फोटो के साथ छपी समाजसेवा की गाथा
इस संबंध में गौरव की बात यह भी है कि लंदन इंग्लैंड से प्रकाशित स्मारक पत्रिका में मुख्य पृष्ठ पर उनकी फोटो सहित समाज सेवाओं का उल्लेख किया गया है। इतना बड़ा सम्मान न केवल पप्पू मोटवानी के लिए बल्कि समस्त छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गौरव का विषय है। कांकेर जैसे छोटे शहर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक उनकी पहचान बनना हर छत्तीसगढ़िया के लिए गर्व की बात है।
कांकेर में खुशी की लहर, बधाई देने वालों का लगा तांता
आज सम्मानित होने के पश्चात उन्हें लगातार शुभकामनाएं एवं बधाइयां प्राप्त हो रही हैं। इस समाचार से कांकेर शहर में भी प्रसन्नता व्याप्त है। सुबह से ही उनके निवास और मोबाइल पर बधाई संदेशों का सिलसिला जारी है। शहर के व्यापारी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिकों ने इस उपलब्धि को कांकेर का सम्मान बताया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
सम्मान के लिए जताया आभार, बोले – यह पूरे प्रदेश का सम्मान है
अजय पप्पू मोटवानी ने इंडिया साइबर मीडिया, सुनील गावस्कर जी, उपस्थित सज्जनों तथा बधाई देने वालों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक ऊर्जा के साथ समाज सेवा करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत नहीं बल्कि पूरे कांकेर और छत्तीसगढ़ का सम्मान है और वे जीवन भर मानव सेवा के पथ पर चलते रहेंगे।

