​नेहरू नगर व्यापारी संघ ने निगम आयुक्त सुश्री सुरुचि सिंह से की भेंट, कमर्शियल एवं साडा कॉम्प्लेक्स की समस्याओं के निराकरण हेतु सौंपा ज्ञापन


​नेहरू नगर व्यापारी संघ ने निगम आयुक्त सुश्री सुरुचि सिंह से की भेंट, कमर्शियल एवं साडा कॉम्प्लेक्स की समस्याओं के निराकरण हेतु सौंपा ज्ञापन ।
​स्थान: भिलाई, छत्तीसगढ़ | दिनांक: 5 अगस्त 2026 ​भिलाई: नेहरू नगर व्यापारी संघ, भिलाई के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका निगम भिलाई की आयुक्त सुश्री सुरुचि सिंह (भा.प्र.से.) से मुलाकात कर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स एवं साडा (SADA) शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में लंबे समय से लंबित विकास और जनहित के कार्यों को गति प्रदान करने हेतु एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि “दोनों परिसरों में व्यापारियों, निवासियों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए कई बुनियादी कार्य पूर्व में स्वीकृत एवं प्रस्तावित हैं, परंतु वर्तमान में कार्य रुके होने अथवा सुस्त गति के कारण यहाँ दैनिक जीवन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।”
ज्ञापन सौंपते हुए संघ के अध्यक्ष देविंदर सिंह भाटिया ने कहा कि “व्यावसायिक के साथ-साथ रिहायशी परिसर होने के नाते यहाँ सुचारु पेयजल आपूर्ति, व्यवस्थित जल निकासी हेतु नालियों का सुदृढ़ीकरण तथा सफाई अत्यंत आवश्यक है।” इसके साथ ही उन्होंने कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की प्रमुख प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए माँग रखी कि शेष 4 पार्किंग स्थलों में मानसून पश्चात पेवर ब्लॉक बिछाए जाएँ, प्रतिष्ठानों के सामने की सड़कों का सीमेंटीकरण मानसून पश्चात प्रारंभ करना सुनिश्चित हो , सुरक्षा के लिए 8 नए बिजली पोल स्थापित कर समुचित प्रकाश व्यवस्था की जाए तथा लगभग 170 वर्ग मीटर के उद्यान का संधारण व सुंदरीकरण कराया जाए। देविंदर सिंह भाटिया ने यह भी बताया कि “व्यावसायिक परिसर की जमीनी स्थितियों का जायजा लेने के लिए आयुक्त महोदया को स्थल भ्रमण एवं निरीक्षण हेतु आमंत्रित किया गया है, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया है।” ​परिसर की अन्य समस्याओं पर बात करते हुए संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि “पार्किंग स्थल, ग्रीन ज़ोन और नालियों पर अस्थायी शेड, गमले व पौधे रखकर किए जा रहे अतिक्रमण पर तत्काल सख्त रोक लगाई जाए, ताकि आवागमन सुचारु रह सके और कोई गलत उदाहरण स्थापित न हो।” इसके अलावा, साडा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के बिजली पोलों में पर्याप्त क्षमता के एलईडी (LED) बल्ब लगाने तथा वहाँ के पार्किंग क्षेत्र में भी पेवर ब्लॉक बिछाकर उसे व्यवस्थित बनाने का आग्रह किया गया। ​
निगम आयुक्त सुश्री सुरुचि सिंह ने व्यापारी संघ की सभी माँगों को ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि क्षेत्र के विकास एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएँगे। उन्होंने पार्किंग स्थलों में बिजली पोल लगवाने के लिए संबंधित विभाग से तुरंत जानकारी ली और त्वरित कार्यवाही का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अध्यक्ष देविंदर सिंह भाटिया, सह सचिव हर्ष चंदेल, कार्यकारिणी सदस्य राजू साहू, योगेश बंसल, सन्मुख राव एवं जितेश बंजारे मुख्य रूप से उपस्थित थे। प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नगर निगम प्रशासन द्वारा इन लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराकर राहत प्रदान की जाएगी। ​जारीकर्ता:​हर्ष चंदेलसह सचिवनेहरू नगर व्यापारी संघ, भिलाई(पंजीकृत कार्यालय: 50, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, नेहरू नगर पूर्व, भिलाई) 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *