विश्व आदिवासी दिवस पर गरियाबंद में 9 अगस्त को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे आप सांसद संजय सिंह
दुर्ग। सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ द्वारा विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को गरियाबंद में एक भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, संसद में विपक्ष की मुखर आवाज़ एवं राज्यसभा सांसद माननीय संजय सिंह जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी, दिल्ली के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक माननीय मुकेश अहलावत जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
प्रदेश संगठन मंत्री संजीत विश्वकर्मा ने जानकारी दी कि विश्व आदिवासी दिवस का यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक या औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह आदिवासी समाज की अस्मिता, स्वाभिमान और उनके अधिकारों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर बुलंद करने का एक सशक्त मंच है।
प्रदेश सचिव देविंदर सिंह भाटिया ने कहा कि आज प्रदेश में आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन पर उनके प्राकृतिक अधिकारों को छीनने की निरंतर साजिशें की जा रही हैं। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से आदिवासियों के जल-जंगल-जमीन की रक्षा, उनकी जलंत समस्याओं और वर्षों से लंबित मांगों पर गंभीर विचार-विमर्श किया जाएगा।
दुर्ग लोकसभा अध्यक्ष गीतेश्वरी बघेल एवं दुर्ग लोकसभा महासचिव ज्ञान प्रकाश तिवारी ने बताया कि मुख्य अतिथि सांसद संजय सिंह 8 अगस्त को रात 9 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद 9 अगस्त को नवीन विश्राम गृह, नवा रायपुर में सुबह 9 बजे वे मीडिया से औपचारिक चर्चा करेंगे।
दुर्ग जिला अध्यक्ष रवि साहू एवं दुर्ग जिला कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह ने बताया कि मीडिया वार्ता के तत्पश्चात् सुबह 9:30 बजे नवा रायपुर से गरियाबंद के लिए एक विशाल जन-रैली रवाना होगी। यह रैली गरियाबंद पहुंचकर दोपहर 3 बजे आयोजित मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम में परिवर्तित होगी, जिसमें सांसद संजय सिंह शामिल होंगे।
जिला महासचिव अजय रामटेके एवं ब्लॉक अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह राजपूत ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस का मूल संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक उनके संवैधानिक अधिकारों की जानकारी पहुंचाना और उनके शोषण के खिलाफ एकजुट होना है।
दुर्ग जिला अध्यक्ष किसान प्रकोष्ठ रूपेंद्र चंद्राकर एवं दुर्ग जिला अध्यक्ष अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ दिवाकर सिंह ठाकुर ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि किसान, मजदूर, युवा और सभी वर्गों के नागरिक अधिक से अधिक संख्या में गरियाबंद पहुंचकर इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का हिस्सा बनें और आदिवासी समाज के हक और सम्मान की लड़ाई को मजबूती प्रदान करें।
जारीकर्ता:देविंदर सिंह भाटियाप्रदेश सचिवआम आदमी पार्टी, छत्तीसगढ़

