*रायपुर: किसान परिवार की जमीन हड़पने का प्रयास, पैलौटाईन इंस्टीट्यूट के खिलाफ शिकायत*
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर किसान परिवार की जमीन हड़पने का मामला सामने आया है, मामला विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम सड्डू का है जहां किसान तफ़ज़्ज़ुल एवं अब्बास हुसैन की विरासतन हक की भूमि खसरा न.359/1 रकबा 0.09330 हेक्टेयर पर आसागांव पैलोटाईन सिस्टर इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष अन्ना जोसेफिन द्वारा अवैधानिक रूप से कब्जा करते हुए बाउंड्रीवाल का निर्माण शुरू किया है।
पीड़ित किसान का दावा है कि वर्ष 2012 में हुए सीमांकन में यह साफ उल्लेखित है कि आरोपी पक्ष द्वारा पीड़ित पक्ष की भूमि पर जबरदस्ती कब्जा किया गया है जबकि आरोपी पक्ष द्वारा वर्ष 2020 में सीमांकन करवाने पर भी उक्त बात स्पष्ट हुई है, इसके बावजूद आरोपी पक्ष द्वारा पीड़ित किसान परिवार की जमीन को आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए जबरिया कब्ज़ा कर बाउंड्रीवॉल का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है।
फिलहाल इस मामले की शिकायत आयुक्त सहित विधानसभा थाना पुलिस को कर दी गई है। पुलिस ने पीड़ित से भूमि संबंधित पूर्ण दस्तावेज प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का कहना है कि वह भोपाल का निवासी है और शहर के बाहर निवास करने के चलते आरोपी पक्ष द्वारा इस बात का नाजायज फायदा उठाकर किसान को परेशान करने की नियत से जमीन पर कब्ज़ा किया जा रहा है।

