कबीर नगर में गैस पाइपलाइन कार्य में भारी लापरवाही: बारिश के मौसम में खुले गड्ढे और बिखरे पाइप दे रहे हैं हादसों को न्योता – अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संरक्षण आयोग



कबीर नगर में गैस पाइपलाइन कार्य में भारी लापरवाही: बारिश के मौसम में खुले गड्ढे और बिखरे पाइप दे रहे हैं हादसों को न्योता – अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संरक्षण आयोग
रायपुर, 24 .06.2026 :
रायपुर नगर निगम के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 2 (पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड, जोन क्रमांक 8 ) के कबीर नगर और आस-पास के मुख्य मार्गों पर इन दिनों जन-सुरक्षा के मानकों को ताक पर रखकर गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। पिछले 15 से 20 दिनों से पूरे क्षेत्र में जगह-जगह गहरे गड्ढे खोदकर खुले छोड़ दिए गए हैं, तथा भारी-भरकम पाइप सड़कों पर बेतरतीब ढंग से बिखरे पड़े हैं। इस घोर लापरवाही पर चिंता व्यक्त करते हुए अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संरक्षण आयोग के प्रदेश महासचिव प्रद्युम्न शर्मा ने नगर निगम मुख्यालय आयुक्त को एक शिकायत पत्र सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
प्रद्युम्न शर्मा ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि वर्तमान में बरसात का मौसम शुरू हो चुका है। लगातार हो रही बारिश के कारण इन खुले गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों, बुजुर्गों, बच्चों और वाहन चालकों के लिए सड़क पर छिपे इन खतरों का अंदाजा लगा पाना नामुमकिन हो गया है। बिना किसी ‘सेफ बैरिकेडिंग’ या चेतावनी सूचक बोर्ड के चल रहा यह कार्य किसी बड़ी जन-धन की हानि को खुला आमंत्रण दे रहा है।
उन्होंने कहा, “सार्वजनिक कल्याण और नागरिक सुरक्षा किसी भी विकास कार्य की पहली शर्त होनी चाहिए। ठेकेदार द्वारा सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन न करना बेहद संवेदनशील मामला है। किसी भी अप्रिय दुर्घटना के बाद केवल जांच समितियां गठित करने से नुकसान की भरपाई नहीं हो सकती। जिस परिवार का सदस्य प्रभावित होता है, उसकी अपूरणीय क्षति की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। प्रशासन को समय रहते जागना होगा।” शिकायत पत्र के साथ क्षेत्र की वर्तमान स्थिति के डिजिटल साक्ष्य भी नगर निगम आयुक्त को सौंपे गए हैं, जो ठेकेदार की इस लापरवाही को स्पष्ट रूप से प्रमाणित करते हैं।
उन्होंने सार्वजनिक हित में प्रशासन के समक्ष मांग रखी हैं कि नियमों व कार्य प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों पर तत्काल सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। खोदे गए स्थानों पर आम जनता की सुरक्षा हेतु अविलंब मजबूत और सुरक्षित बैरिकेडिंग तथा रात के समय रिफ्लेक्टर लाइटें लगाई जाएं। कार्य पूरा होते ही गड्ढों को तकनीकी मानकों के अनुरूप तुरंत पाटा जाए और बिखरे हुए पाइपों को सड़कों से व्यवस्थित रूप से हटाया जाए ताकि सुचारू व सुरक्षित यातायात बहाल हो सके।
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संरक्षण आयोग ने रायपुर नगर निगम प्रशासन से करबद्ध अनुरोध किया है कि वे आम जनता के जीवन की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए इस मामले पर स्वयं संज्ञान लें और कबीर नगर के निवासियों को इस गंभीर समस्या से अविलंब मुक्ति दिलाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *