जयंत साहू के नेतृत्व में फुंडहर एवं सूरज नगर (लाभांडी) क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों ने आज नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त से मुलाकात कर प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण के खिलाफ जोरदार आपत्ति दर्ज



रायपुर। कांग्रेस नेता श्री पंकज शर्मा एवं नगर पालिक निगम रायपुर के लाल बहादुर शास्त्री वार्ड क्रमांक 51 की पार्षद श्रीमती रेणु जयंत साहू के नेतृत्व में फुंडहर एवं सूरज नगर (लाभांडी) क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों ने आज नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त से मुलाकात कर प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण के खिलाफ जोरदार आपत्ति दर्ज कराई। इस दौरान क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश एवं चिंता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त महोदय को सौंपे गए विस्तृत ज्ञापन में बताया कि जोन कमिश्नर क्रमांक 9 द्वारा अचानक नोटिस जारी कर क्षेत्र के निवासियों से मात्र 3 दिवस के भीतर भू-स्वामित्व संबंधी दस्तावेज जैसे रजिस्ट्री, बी-1, भवन निर्माण अनुज्ञा, संपत्ति कर रसीद एवं स्वीकृत मानचित्र की प्रतियां जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। इतनी कम समयावधि में दस्तावेज प्रस्तुत करने का आदेश न केवल अव्यवहारिक है, बल्कि आम नागरिकों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने जैसा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि नगरोत्थान योजना 2026-27 के अंतर्गत लाभांडी चौक से अग्रसेन धाम होते हुए फुंडहर चौक तक सड़क चौड़ीकरण प्रस्तावित है, जबकि वास्तविक स्थिति यह है कि फुंडहर एवं सूरज नगर की सड़कों की चौड़ाई पहले से ही पर्याप्त है और वर्तमान यातायात दबाव को सहजता से संभाल रही है। इसके बावजूद बिना जमीनी सर्वेक्षण एवं जनसहमति के यह निर्णय लिया जाना पूरी तरह से जनविरोधी प्रतीत होता है।
क्षेत्रवासियों ने आशंका व्यक्त की कि प्रस्तावित चौड़ीकरण से सैकड़ों परिवारों के मकान प्रभावित होंगे, जिनमें अधिकांश गरीब एवं मध्यमवर्गीय लोग निवास करते हैं। इसके अलावा शासकीय स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, सामाजिक भवन एवं धार्मिक स्थल भी इसकी चपेट में आ सकते हैं, जिससे न केवल लोगों का आशियाना उजड़ेगा बल्कि सामाजिक ताने-बाने पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
कांग्रेस नेता श्री पंकज शर्मा ने कहा कि “विकास के नाम पर गरीबों और मध्यमवर्गीय परिवारों को बेघर करना किसी भी स्थिति में न्यायसंगत नहीं है। प्रशासन को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए। यदि इस प्रकार के जनविरोधी निर्णय थोपे गए तो कांग्रेस पार्टी एवं क्षेत्रवासी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।”
वहीं पार्षद श्रीमती रेणु जयंत साहू ने कहा कि “वार्ड के नागरिकों की समस्याओं और भावनाओं को नजरअंदाज कर इस तरह के निर्णय लेना निंदनीय है। जब क्षेत्र में सड़क पहले से पर्याप्त चौड़ी है, तब अनावश्यक चौड़ीकरण कर लोगों के घरों को तोड़ना पूरी तरह से गलत है। निगम प्रशासन को वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कर जनहित में निर्णय लेना चाहिए।”
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट रूप से मांग की कि प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा इसका पुनर्मूल्यांकन किया जाए। साथ ही यह सुझाव भी दिया गया कि फुंडहर बस्ती के भीतर से सड़क चौड़ीकरण करने के बजाय गौरव गार्डन की ओर से वैकल्पिक मार्ग विकसित किया जाए, जिससे बिना किसी विस्थापन एवं मुआवजा प्रक्रिया के कार्य आसानी से पूर्ण किया जा सके और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अंत में क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो वे जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के उपाध्यक्ष श्री जयंत साहू, वार्ड अध्यक्ष शिव जोशी, तुकाराम साहू,विष्णु साहू, बलदेव साहू,संत राम निषाद,हेमंत साहू,शिव लाल ढीढी, चिंता राम साहू, कौशल साहू, मनीष ढीढी, ऊधो साहू,सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *