अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर IIT भिलाई में योग सत्र का आयोजन — योग गुरु डॉ. एम.के. सिन्हा ने किया मार्गदर्शन

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर IIT भिलाई में योग सत्र का आयोजन — योग गुरु डॉ. एम.के. सिन्हा ने किया मार्गदर्शन


भिलाई, 21 जून 2025 — अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर IIT भिलाई परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें आनंदम सेवा संस्थान के प्रतिष्ठित योग गुरु डॉ. एम.के. सिन्हा जी ने विशेष रूप से भाग लिया। इस अवसर पर संस्थान के श्री घनेन्द्र कुमार सिन्हा जी भी उपस्थिति रहे और कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया।
IIT भिलाई के छात्रों, प्राध्यापकों एवं स्टाफ सदस्यों ने भारी संख्या में एकत्र होकर योग दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और ‘ओम’ ध्वनि के साथ हुई, जिसके पश्चात डॉ. सिन्हा जी ने योग के वैज्ञानिक, मानसिक, आध्यात्मिक तथा शारीरिक लाभों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा, “योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मा और ब्रह्मांड से जुड़ने का एक पवित्र साधन है।” डॉ. सिन्हा ने छात्रों को दिनचर्या में नियमित योग को शामिल करने की सलाह दी और बताया कि कैसे योग तनाव, अवसाद एवं असंतुलन को दूर करने में कारगर सिद्ध होता है।
इसके पश्चात उन्होंने विभिन्न प्राणायाम, ध्यान और योगासन सिखाए जैसे — ताड़ासन, वज्रासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति आदि। पूरा परिसर सकारात्मक ऊर्जा और शांति से भर उठा।
आनंदम सेवा संस्थान के माध्यम से डॉ. सिन्हा वर्षों से समाज में योग के प्रचार-प्रसार में समर्पित हैं। उन्होंने न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में योग को लोकप्रिय बनाया है, बल्कि युवा पीढ़ी को इसके प्रति जागरूक भी किया है।
इस अवसर पर श्री घनेन्द्र कुमार सिन्हा ने भी संस्थान की सामाजिक सेवाओं और योग से जुड़ी गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि “आनंदम सेवा संस्थान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य, संतुलन और आत्म-शक्ति का संदेश पहुँचाना है।”
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और सामूहिक ध्यान के साथ हुआ। यह आयोजन IIT भिलाई में एक प्रेरणादायक क्षण बनकर उभरा, जिसने छात्रों और कर्मचारियों को योग से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *