दंतेवाड़ा जिले में मुख्यमंत्री के मंशानुरूप सामुदायिक फलोद्यान की राह पर किसान

दंतेवाड़ा. भांसी से असीम पाल
की रिपोर्ट

दंतेवाड़ा जिले में मुख्यमंत्री के मंशानुरूप सामुदायिक फलोद्यान की राह पर किसान*

बंजर जमीन पर लहलहा रहे फलदार पौधे

मेटापाल में कलेक्टर ने किया अवलोकन
दंतेवाड़ा, 03 नवम्बर 2022। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप पौधा रोपण किया जा रहा है। पहले जहां पूरी तरह से भूमि बंजर पड़ी रहती थी वहां अब फलीय महत्व के हजारों पौधों का रोपण किया गया है। इस तरह के किये गए पौध रोपण का जायजा लेने आज कलेक्टर श्री विनीत नंदनवार मेटापाल मांझापारा पहुंचे। यहां डुमाम नदी के किनारे लगाये गए पौधों का जायजा लिया। उन्होंने साल में लिए जाने वाले फसल, पौधा रोपण से संबंधित आवश्यक जानकारी भी ली। इस दौरान उन्होंने बड़े पौधे के रोपण, चैन लिंक फेंसिंग आदि करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने इंटरक्रॉपिंग करने की बात कही। ग्राम पंचायत मेटापाल में 22.50 एकड़ के क्षेत्र में सामुदायिक फलोद्यान से विभिन्न प्रकार के पौधे जैसे आम, अमरूद, नींबू के पौधे का रोपण किया गया है। इस फलोद्यान में अच्छी उपज देने वाले आम, नींबू, अमरूद, आदि का क्षेत्रवार रोपण जैसे 12.5 एकड़ में आम, 7.5 एकड़ में अमरूद, 2.5 एकड़ में नींबू का रोपण किया गया है। जिससे 6 किसान लाभान्वित होंगे। कलेक्टर ने कहा कि उन्नत फलोद्यान का रोपण करें। जिससे किसानों को उचित मूल्य मिल सके। इसी तरह सामुदायिक फलोद्यान करते हुए विकासखण्ड गीदम अंतर्गत मुचनार में 5 एकड़ में नींबू एवं अमरूद और विकासखंड कटेकल्याण अन्तर्गत परचेली में 7.50 एकड़ में आम एवं अमरूद के पौधों का विस्तारित क्षेत्र में रोपण किया गया है। इससे अधिक से अधिक किसानों के लिए फलों की खेती से अपनी आय दुगुनी करने का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री ललित आदित्य नीलम, उद्यानिकी सहायक संचालक श्री डीकलेश कुमार उपस्थित थे।

दंतेवाड़ा. से असीम पाल
की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *