नर्सों को हूर बता ट्रोल हुए पाक पीएम इमरान

इस्लामाबादपाकिस्तान के प्रधानमंत्री नर्सों को हूर कहने के अपने बयान पर विपक्षी दलों और सोशल मीडिया यूजर के निशाने पर आ गए हैं। उनके बयान को महिलाओं के खिलाफ भी बताया जा रहा है। इमरान ने कराची में एक कार्यक्रम में कहा था कि 2013 में लाहौर में एक चुनावी सभा के दौरान हादसे में उन्हें भारी चोट लगी थी। उन्हें बहुत दर्द हुआ था। उस समय डॉक्टर ने उन्हें इंजेक्शन लगाया था जिसके बाद उन्हें राहत मिली और अस्पताल की नर्सें उन्हें हूर लगने लगी थीं।

इससे जुड़ा विडियो पाक पत्रकार नायला इनायत ने ट्विटर पर शेयर किया है जिसके बाद लोग इमरान को काफी ट्रोल कर रहे हैं। पाकिस्तान के विपक्षी दल पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज की प्रवक्ता मरियम औरंगजेब ने कहा, ‘इमरान साहब, डॉक्टरों से कहें कि वह आपको दिमाग और अक्ल को दुरुस्त करने वाला टीका लगाएं। एक खुशहाल देश को आपने तबाह कर दिया। आप जो बातें कर रहे हैं, उसे देखते हुए आपको एक नहीं, दो टीके लगाए जाने चाहिए।’

पाकिस्तान पीपल्स पार्टी की सांसद नफीसा शाह ने कहा कि यह बात अपमानजनक है और प्रधानमंत्री के स्तर के बिलकुल अनुरूप नहीं है कि वह नर्सों को एक स्वर्गिक इच्छा की वस्तु करार दें। उनकी बात नर्सिंग जैसे पवित्र पेशे का मखौल उड़ाने वाली है। एक यूजर ने ट्वीट किया, ‘इस जादुई इंजेक्शन का नाम क्या है? यह आता कहां से है?’

एक अन्य ने पूछा कि ऐसा इंजेक्शन सभी के लिए उपलब्ध है या यह सिर्फ इमरान को ही लगता है? पाक पत्रकार अरशद शरीफ ने कहा, ‘क्या प्रधानमंत्री यह संदेश देना चाहते हैं कि नर्सें यौन इच्छा की पूर्ति का एक जरिया हैं? वो कौन सा इंजेक्शन है जो नर्सों को हूर जैसा दिखा देता है? सिस्टर्स के पवित्र पेशे को क्या पाकिस्तान प्रधानमंत्री ने हूर में बदल दिया है?’

अरशद शरीफ के इस ट्वीट पर इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीके इंसाफ (पीटीआई) ने जवाब दिया कि हल्के फुल्के अंदाज में कही गई बात का कुछ और ही अर्थ निकाला जा रहा है। पार्टी ने कहा, ‘मिस्टर अशरफ, ऐसा लगता है कि आपमें मजाक समझने की क्षमता नहीं है जिस वजह से आपने बीमार सोच के साथ मॉरफीन के साइड इफेक्ट पर की गई एक हास्य टिप्पणी को लैंगिकवादी बना दिया। कोई भी जब कहता है कि स्वर्ग जैसा अहसास हुआ तो उसमें हूर का जिक्र आता है। लेकिन, यह तो व्यक्ति के दिमाग पर है कि वह किसी बात को कैसे लेता है।’

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *