बीजेपी MP की रैली में PoK पाक का हिस्‍सा, ट्रोल

बेंगलुरु
नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में शुक्रवार को कर्नाटक के चिकमंगलूर में रैली करने पहुंची बीजेपी की फायरब्रैंड नेता और सांसद शोभा करांडलाजे विवादों में आ गईं। शोभा करांडलाजे जिस मंच से सीएए के समर्थन में भाषण दे रही थीं, वहां भारत का एक नक्‍शा बना था जिसमें पीओके को पाकिस्‍तान का हिस्‍सा दिखाया गया था। इस मंच की तस्‍वीर ट्वीट करते ही शोभा जमकर ट्रोल होने लगीं और उन्‍हें सफाई देनी पड़ी।

स्‍थानीय सांसद शोभा ओझा शुक्रवार को राष्‍ट्र जागरन समिति की ओर से चिकमंगलूर में आयोजित सीएए जनजागरण कार्यक्रम में हिस्‍सा लेने पहुंचीं। भीड़ के बीच शोभा ने सीएए के समर्थन में जोरदार भाषण दिया और कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं। इस दौरान बीजेपी सांसद ने एक बड़ी गलती कर दी। उन्‍होंने मंच पर बने भारत के नक्‍शे की ओर ध्‍यान नहीं दिया।

बीजेपी सांसद ने इस कार्यक्रम की तस्‍वीरें ट्वीट कर दीं। भारत के अधूरे नक्‍शे पर जब लोगों की नजरें पड़ीं तो उन्‍होंने शोभा को ट्रोल करना शुरू कर दिया और पीएम मोदी से पीओके पर उनका स्‍टैंड पूछना शुरू कर दिया। रोहित चक्रवर्ती ने लिखा, ‘हमेशा लोग कांग्रेस को गलत नक्‍शा इस्‍तेमाल करने के लिए ट्रोल करते रहते हैं लेकिन अब बीजेपी ने भी इसका इस्‍तेमाल किया। प्रधानमंत्री मोदी क्‍या बीजेपी ने जिस नक्‍शे का इस्‍तेमाल किया, वह भारत सरकार का आधिकारिक स्‍टैंड है?’

ट्विटर पर ट्रोल होने के बाद शोभा ने सफाई दी। उन्‍होंने ट्वीट किया, ‘जब मैंने इसे देखा तो मैं बुरी तरह से परेशान हो गई। मैंने तत्‍काल इस गलती के लिए आयोजकों से स्‍पष्‍टीकरण और माफी मांगने के लिए कहा। मेरा पीओके पर स्‍टैंड पूरी तरह से स्‍पष्‍ट है। पोओके भारत का अभिन्‍न हिस्‍सा था, है और आगे भी रहेगा। मैं इसे नहीं देख पाने के लिए ईमानदारी से माफी मांगती हूं।’

Source: National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *