मिस्र में सड़क हादसा, 3 भारतीयों की मौत

काहिरा
मिस्र की सुईस गवर्नेंट में सैलानियों को ले जा रही दो बसों की एक ट्रक से टक्कर होने के बाद तीन भारतीयों की मौत हो गई और 13 अन्य जख्मी हो गए। भारतीय दूतावास ने रविवार को यह जानकारी दी। बसें शनिवार को हुरगदा शहर की ओर जा रही थीं लेकिन रास्ते में ऐन सुखना शहर के पास बसों की ट्रक से टक्कर हो गई।

मिस्र में भारतीय दूतावास ने कहा, ‘हमें यह सूचना देते हुए दुख हो रहा है कि 28 दिसंबर को ऐन सुखना के पास हुए बस हादसे में तीन भारतीय नागरिकों की जान चली गई। घटना में घायल हुए अन्य लोगों का मिस्र के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।’ दूतावास ने बताया कि मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क किया गया है और उन्हें हर मुमकिन सहायता दी जा रही है।

उसने बताया, ‘दूतावास के अधिकारी अस्पतालों में मौजूद हैं और अस्पताल अधिकारियों के संपर्क में हैं।’ स्थानीय मीडिया के मुताबिक, मृतकों में दो मलेशिया और तीन मिस्र के नागरिक हैं। 20 से ज्यादा लोग जख्मी हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिस्र में खराब सड़कों और खराब यातायात नियम मुख्य रूप से सड़क हादसे होने की वजह हैं।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *