परवेज मुशर्रफ ने अपनी फांसी की सजा को दी चुनौती

इस्लामाबाद
पाकिस्तान के पूर्व सैन्य तानाशाह ने विशेष अदालत के उस फैसले के खिलाफ शुक्रवार को एक अदालत में याचिका दायर की जिसमें उन्हें राजद्रोह का दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई गई है। इस्लामाबाद की विशेष अदालत ने पिछले हफ्ते 76 वर्षीय मुशर्रफ को राजद्रोह के आरोप में मौत की सजा सुनाई थी।

‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, मुशर्रफ की ओर से वकील अजहर सिद्दीकी ने शुक्रवार को लाहौर हाई कोर्ट में 86 पन्ने की याचिका दायर की। इसमें संघीय सरकार और अन्य को प्रतिवादी बनाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार याचिका में कहा गया है कि फैसले में कई विसंगतियां और विरोधाभासी बयान हैं। इसमें कहा गया है कि विशेष अदालत ने मामले की सुनवाई जल्दबाजी में की।

जस्टिस मजाहिर अली अकबर नकवी की अध्यक्षता वाली पूर्ण पीठ 9 जनवरी, 2020 को याचिका पर सुनवाई करेगी। ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ के अनुसार पूर्व राष्ट्रपति ने फैसले को स्थगित करने की हाई कोर्ट से अपील की है। मुशर्रफ इस समय दुबई में हैं और वह कई बीमारियों का इलाज करा रहे हैं। वह पाकिस्तान के इतिहास में पहले सैन्य शासक हैं जिन्हें मृत्युदंड की सजा सुनायी गयी है। वह वर्ष 1999 में तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को अपदस्थ कर सत्ता पर काबिज हुए और 2008 तक सत्ता संभाली।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *