उम्मीद नहीं थी झारखंड में हारेंगे: राम माधव

श्रीनगर
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने स्वीकार किया कि उन्हें हारने की उम्मीद नहीं थी। गुरुवार को पार्टी के महासचिव ने कहा कि उन्हें झारखंड चुनाव हारने की उम्मीद नहीं थी और बीजेपी इस हार के कारणों का विश्लेषण करेगी। उन्होंने शिवसेना पर निशाना साधते हुए कहा कि महाराष्ट्र में नतीजे गठबंधन के पक्ष में थे लेकिन साझेदार ने ‘धोखेबाजी’ कर दी।

श्रीनगर में मीडिया से बात करते हुए पार्टी महासचिव ने कहा, ‘झारखंड (विधानसभा चुनाव) के नतीजे हमारी उम्मीद के अनुरूप नहीं रहे। हम जानते थे कि यह एक कड़ा मुकाबला होने जा रहा है क्योंकि झारखंड में हर पांच साल बाद सरकार बदलने की प्रवृत्ति रही है।’ उन्होंने कहा कि पार्टी कारणों का विश्लेषण करेगी और चीजों को दुरूस्त करेगी। गौरतलब है कि राज्य विधानसभा की 81 सीटों में जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन ने कुल 47 सीटों पर जीत दर्ज की।

महाराष्ट्र में गठबंधन साझेदार ने दिया धोखा
माधव ने कहा कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव नतीजे बीजेपी नीत गठबंधन के पक्ष में रहे थे लेकिन हमारे गठबंधन साझेदार ने हमें धोखा दिया। उन्होंने कहा कि यह विजेता के हारने वाला बनने और हारने वाले के विजेता बनने का मामला है।

कश्मीर पर दिया जवाब
श्रीनगर में इंटरनेट सेवाओं पर रोक संबंधी सवाल के जवाब में राम माधव ने कहा कि ब्रॉडबैंड सेवाओं पर लगी रोक हटा ली गई है। सुरक्षा आकलनों के हिसाब से इस दिशा में आगे काम होगा। उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए और नजरबंद किए गए बहुत से लोगों को रिहा कर दिया गया है। इसके अलावा प्रदेश प्रशासन सुरक्षा के लिहाज से समय-समय पर इस दिशा में फैसले लेता रहेगा।

Source: National

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *