ऑस्ट्रेलिया-न्यू जीलैंड टेस्ट मैच देखने पहुंचे रेकॉर्ड दर्शक

मेलबर्नऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच यहां खेले जा रहे दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन यानी ‘बॉक्सिंग डे’ पर 80 हजार से अधिक दर्शक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर पहुंचे जो कि इन दोनों देशों के बीच रेकॉर्ड है।

‘बॉक्सिंग डे’ टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट कैलेंडर का अहम हिस्सा है। इंग्लैंड के खिलाफ 2013 में एशेज मैच के पहले दिन कुल 91,112 दर्शक एमसीजी पहुंचे जो एक रेकॉर्ड है।

ऑस्ट्रेलिया और न्यू जीलैंड के बीच चल रहे मैच के दौरान 80,473 दर्शकों ने स्टेडियम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। यह एशेज से इतर किसी मैच में दूसरी सबसे बड़ी दर्शक संख्या है।

ऑस्ट्रेलिया और वेस्ट इंडीज के बीच 1975 में बॉक्सिंग डे के दिन मैच देखने के लिए 85,661 दर्शक पहुंचे थे। न्यू जीलैंड 1987 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया में मैच खेल रहा है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख केविन राबर्ट्स ने कहा कि दर्शक संख्या से दोनों देशों में इस खेल की लोकप्रियता का पता चलता है।

उन्होंने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया और न्यू जीलैंड के क्रिकेट प्रशंसकों का आभार जिन्होंने एमसीजी पर आज इतिहास रचा। ’ ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच मेलबर्न में एक दिन में सर्वाधिक दर्शक पहुंचने का पिछला रेकॉर्ड 51,087 का था।

Source: Sports

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *