'दबंग 3' 100 करोड़ के नजदीक, सलमान खान बनाएंगे नया रेकॉर्ड

सलमान खान की फिल्म ‘दबंग 3’ इस शुक्रवार को रिलीज हुई थी और सीएए व एनआरसी पर जारी विरोध के बावजूद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ठीकठाक कमाई कर रही है। ‘दबंग 3’ को पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर करीब 22.50 करोड़ की ओपनिंग मिली थी, लेकिन वीकेंड पर इसकी कमाई में बढ़ोतरी देखी गई।

हालांकि सोमवार को फिल्म के कलेक्शन में थोड़ी-बहुत गिरावट दर्ज की गई। बॉक्सऑफिसइंडिया डॉट कॉम के मुताबिक, ‘दबंग 3’ अब नए रेकॉर्ड बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। ‘दबंग 3’ जल्द ही 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली है और इस तरह यह सलमान की 100 करोड़ के क्लब में शामिल होने वाली 15वीं फिल्म बन जाएगी।

बता दें कि सलमान की पिछली फिल्में ‘दबंग’, ‘किक’, ‘रेडी’, ‘दबंग 2’, ‘एक था टाइगर’, ‘बॉडीगार्ड’, ‘प्रेम रतन धन पायो’, ‘जय हो’, ‘ट्यूबलाइट’, ‘टाइगर जिंदा है’, ‘रेस 3’, ‘बजरंगी भाईजान’, ‘सुल्तान’ और ‘भारत’ 100 करोड़ के क्लब में शामिल हैं।

बात करें ‘दबंग 3’, तो इसे प्रभुदेवा ने डायरेक्ट किया है। इस फिल्म के जरिए ऐक्टर और डायरेक्टर महेश मांजरेकर की बेटी सई ने ऐक्टिंग में डेब्यू किया है। फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा, अरबाज खान और किच्चा सुदीप भी हैं। ‘दबंग 3’ ने पहले 4 दिनों में 82-83 करोड़ की कमाई की और अब 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर यह जल्द ही एक नया रेकॉर्ड बनाएगी।

वहीं इस फिल्म के अलावा सलमान प्रभुदेवा की ही अगली फिल्म ‘राधे’ में नजर आएंगे। यह फिल्म प्रभुदेवा की ही 2009 में आई फिल्म ‘वॉन्टेड’ का सीक्वल है, जिसमें सलमान के ऑपोजिट दिशा पाटनी होंगी।

Source: Bollywood

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *