रायपुर,छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत के मुख्य आतिथ्य में सतनाम सूर्यवंशी समाज एवं सतगुरू सेवा समिति द्वारा गुरू घासीदास जयंती का आयोजन आज जांजगीर-चांपा जिले के अंतर्गत पामगढ़ में किया गया। डॉ. महंत ने कहा कि बाबा गुरू घासीदास जी ने दुनिया को सत्य, अहिंसा और सामाजिक सद्भावना का मार्ग दिखाया है। गुरू घासीदास बाबा के उपदेश समस्त मानव जाति के लिए अनुकरणीय हैं। उन्होंने सम्पूर्ण मानव जाति को ’मनखे-मनखे एक समान’ के प्रेरक वाक्य के साथ यह संदेश दिया कि सभी मनुष्य एक समान है। गुरू घासीदास जी ने अपने उपदेशों के माध्यम से दलित-शोषित समाज कोे कुरीतियों, रूढि़यों से दूर कर उनके नैतिक और चारित्रिक विकास का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस अवसर पर लोकसभा सांसद श्री गुहाराम अजगल्ले ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबा गुरू घासीदास के विचारों का अनुशरण कर हम बेहतर समाज की कल्पना कर सकते हैं। समाज के अध्यक्ष श्री लक्ष्मण प्रसाद ओगरे और पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
बाबा गुरू घासीदास के उपदेश समस्त मानव जाति के लिए अनुकरणीय – विधानसभा अध्यक्ष डॉ महंत

