
रोहित के निशाने पर जयसूर्या का रेकॉर्डदूसरे मैच में 159 रन बनाने वाले रोहित सभी प्रारूपों में सर्वाधिक रन बनाने वाले सलामी बल्लेबाज सनत जयसूर्या के रेकॉर्ड से 9 रन पीछे हैं। केएल राहुल ने भी पहले विकेट की 220 रन की साझेदारी में शतक जमाया था। जून में पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप मुकाबले से पारी का आगाज कर रहे राहुल ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके अपनी जगह पक्की कर ली है। श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत ने भी रन बनाए। गेंदबाजी में चोटिल दीपक चाहर की जगह दिल्ली के तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को मौका मिल सकता है।
भारत को गलतियों से बचना होगाफील्डिंग में भारत का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा। अय्यर ने जरूर शिमरोन हेटमायर को शानदार थ्रो पर रन आउट किया लेकिन चाहर ने निकोलस पूरन और शाई होप का कैच टपकाया। कोहली ने मैच के बाद कहा, ‘हमें कैचिंग बेहतर करनी होगी। अपनी गलतियों से पार पाना होगा। फील्डिंग का लुत्फ उठाने की जरूरत है।’ बाराबती स्टेडियम की पिच भी विशाखापत्तनम की तरह बल्लेबाजों की मददगार होगी। हेटमायर और होप ने चेन्नै में भारतीय गेंदबाजों को दबाव में रखा था और दूसरे मैच में अय्यर का बेहतरीन थ्रो नहीं होता तो वह एक बार फिर बड़ी पारी खेल जाते।
हेटमायर, होप और कॉटरेल हैं फॉर्म मेंआईपीएल नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने हेटमायर को सात करोड़ 75 लाख रुपये में खरीदा। उनके साथी शेल्डन कोटरेल को किंग्स इलेवन पंजाब ने साढे आठ करोड़ रुपये में खरीदा। वहीं इस साल रोहित के बाद सर्वाधिक रन बना चुके होप पर किसी ने बोली नहीं लगाई और वह इस मैच में बड़ी पारी खेलकर अपनी उपयोगिता साबित करना चाहेंगे। कायरन पोलार्ड की टीम ने पहले दो वनडे में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।
13 वर्ष से नहीं जीता है वेस्ट इंडीज
यहां भी ओस को ध्यान में रखकर टीमें दूसरी पारी में गेंदबाजी से बचना चाहेंगी। वेस्ट इंडीज टीम इस प्रयास में होगी कि भारत से 13 साल बाद कोई द्विपक्षीय सीरीज जीत सके। मार्च में ऑस्ट्रेलिया से द्विपक्षीय सीरीज हारी भारतीय टीम ने पिछले 15 साल में लगातार दो द्विपक्षीय सीरीज नहीं गंवाई है।
टीमें…भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, ऋषभ पंत, शिवम दुबे, केदार जाधव, रविंद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, दीपक चाहर, मोहम्मद शमी और शार्दुल ठाकुर।
वेस्ट इंडीज: कायरन पोलार्ड (कप्तान), सुनील अंबरीश, शाई होप, खारी पियरे, रोस्टन चेस, अल्जारी जोसेफ, शेल्डन कोटरेल, ब्रैंडन किंग, निकोलस पूरन, शिमरॉन हेटमायर, एविन लुईस, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, कीमो पाल और हेडन वाल्श जूनियर।
Source: Sports

