कॉर्बिन ने चुनाव में हार के लिए मांगी माफी

लंदन
ब्रिटेन की मुख्य विपक्षी लेबर पार्टी के नेता ने रविवार को पार्टी को जीत दिलाने में नाकाम होने पर माफी मांगी, लेकिन अपने चुनाव प्रचार अभियान का बचाव किया। इस चुनाव में प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को अगले महीने ब्रेग्जिट के लिए जनादेश मिला है। वयोवृद्ध समाजवादी नेता ने हालांकि अपने घोर वाम झुकाव का बचाव करते हुए मीडिया पर एक सदी पुरानी पार्टी को बदनाम करने और द्वितीय विश्वयुद्ध से पहले के बाद सबसे खराब प्रदर्शन में मदद का आरोप लगाया।

कॉर्बिन ने संडे मिरर अखबार में लिखा, ‘मुझे इस हार पर चर्चा करने में कोई झिझक नहीं है। गुरुवार को आए नतीजे हर उस व्यक्ति के लिए झटका है जो देश में वास्तविक बदलाव के लिए प्रतिबद्ध था।’ कॉर्बिन ने लिखा, ‘मैं चुनाव प्रचार की लड़ाई के लिए अब भी गौरवान्वित महसूस करता हूं। मैं गौरवान्वित हूं कि विपक्ष के निम्न स्तर पर जाने के बावजूद हमने उस गटर में शामिल होने से इनकार किया। मैं गौरवान्वित हूं कि हमारा संदेश भय के बजाय उम्मीद थी।’

उन्होंने कहा, ‘मैं चाहता था कि देश एकजुट हो जिसे मैं प्यार करता हूं, लेकिन अफसोस हम कामयाब नहीं हुए और मैं इसकी जिम्मेदारी लेता हूं। कॉर्बिन ने कहा कि गुरुवार को मध्यावधि चुनाव 2016 के यूरोपीय संघ सदस्यता पर जनमत संग्रह में बदल गया जिसमें जॉनसन को महारत हासिल है।’

उल्लेखनीय है कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की कजंर्वेटिव पार्टी ने गुरुवार को 650 सदस्यीय ‘हॉउस ऑफ कॉमन’ में 365 सीटों पर जीत दर्ज की थी जो बहुमत से 80 अधिक है। कंजर्वेटिव पार्टी को इससे पहले सदन में इस तरह का बहुमत 1980 के दशक में मार्गरेट थैचर के नेतृत्व में मिला था। चुनावी अभियान के बाद अपनी ही पार्टी में आलोचना का सामना कर रहे कॉर्बिन ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि वह लेबर का नेता पद से छोड़ देंगे।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *